जोहार लाइव ब्यूरो
राजधानी रांची में अफीम की अवैध खेती पर रोक लगाने के लिए जिला प्रशासन ने अभियान तेज कर दिया है. बुधवार को मोरहाबादी मैदान से उपायुक्त मंजूनाथ भजंत्री और वरीय पुलिस अधीक्षक राकेश रंजन ने संयुक्त रूप से आठ जागरूकता वाहनों को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया. ये वाहन जिले के ग्रामीण और शहरी क्षेत्रों में भ्रमण कर लोगों को अफीम की खेती के दुष्परिणामों और कानूनी प्रावधानों की जानकारी देंगे.
अभियान के तहत लोगों को बताया जाएगा कि अफीम की खेती करना या इसके लिए अपनी जमीन लीज अथवा पट्टे पर देना एनडीपीएस एक्ट के तहत गंभीर अपराध है. इसके लिए 20 साल तक की सजा से लेकर आजीवन कारावास और जुर्माने तक का प्रावधान है. प्रशासन ने लोगों से अधिक मुनाफे के लालच में इस अवैध कारोबार से दूर रहने की अपील की है.
प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि अफीम की खेती और अवैध कारोबार में शामिल लोगों पर कड़ी निगरानी रखी जा रही है. खेती में इस्तेमाल होने वाले उपकरण जब्त किए जाएंगे. साथ ही अवैध कमाई से अर्जित संपत्तियों के खिलाफ भी कानूनी कार्रवाई होगी.
अभियान में लोगों को अफीम की खेती से जमीन की उर्वरता घटने, जल स्रोतों के दूषित होने और नशे के कारण युवाओं एवं समाज पर पड़ने वाले दुष्प्रभावों की जानकारी भी दी जाएगी. प्रशासन ने अवैध खेती से जुड़ी सूचना पुलिस को देने की अपील करते हुए सूचनादाताओं की पहचान गोपनीय रखने का भरोसा दिया है.
इस मौके पर एसपी ग्रामीण गौरव गोस्वामी, जिला जनसंपर्क पदाधिकारी उर्वशी पांडेय और डीएसपी मुख्यालय-1 अमर पांडेय सहित अन्य अधिकारी मौजूद थे.
No comments yet. Be the first to comment!