रांची। झारखंड विधानसभा के विशेष सत्र में SIR (विशेष गहन पुनरीक्षण) को लेकर जारी बहस के बीच नेता प्रतिपक्ष बाबूलाल मरांडी ने सरकार और वित्त मंत्री राधाकृष्ण किशोर पर निशाना साधा. उन्होंने कहा कि सरकार इस गंभीर विषय पर सदन को गुमराह करने की कोशिश कर रही है. सरकार की मंशा समझ से परे है. पांच नवंबर को इसकी सूचना मिलने के बावजूद अब तक मंत्रिपरिषद की बैठक नहीं हुई है. उन्होंने कहा कि सदन को भी एक तरह से मजाक या माखौल बना दिया गया है. अगर सरकार इस मामले को गंभीर मानती है तो उसे गंभीरता से काम भी करना चाहिए.
मरांडी ने राजमहल विधायक मोहम्मद ताजुद्दीन के बयान का जिक्र करते हुए कहा कि उन्होंने विशेष समुदाय को लेकर सवाल उठाए थे. मरांडी ने दावा किया कि जमशेदपुर में अफगानी नागरिक मिले हैं. वहीं गढ़वा का एक वीडियो भी सामने आया है, जिसमें वर्षों से ईरानी नागरिकों के रहने की बात कही जा रही है. उनके अनुसार, इन लोगों के राशन कार्ड, आधार कार्ड और वोटर कार्ड तक बने हुए हैं, लेकिन उनके भारतीय नागरिक होने का कोई प्रमाण सामने नहीं आया है. उन्होंने सवाल उठाया कि राजमहल के विधायक को यह बताना चाहिए कि वे कौन लोग हैं.
उन्होंने कहा कि फर्जी दस्तावेज बनाने के मामले में पांच लोगों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज हुई है. दस्तावेजों में पिता और बेटे की उम्र के बीच महज एक साल का अंतर दिखाया गया है. ऐसी विसंगतियों की जांच निर्वाचन आयोग करेगा ही. अगर इन चीजों की जांच नहीं होगी तो आयोग की जिम्मेदारी क्या रह जाएगी.
घुसपैठिये और शरणार्थी में अंतर समझना जरूरी
बाबूलाल मरांडी ने कहा कि घुसपैठिये और शरणार्थी के बीच अंतर समझना जरूरी है. बांग्लादेश, अफगानिस्तान और पाकिस्तान से अवैध तरीके से आने वाले लोगों को घुसपैठिया कहा जाता है. वहीं इन देशों में प्रताड़ना झेल रहे अल्पसंख्यक हिंदू अगर जान बचाकर भारत आते हैं तो वे शरणार्थी हैं, घुसपैठिये नहीं. उनके पास जाने के लिए कोई दूसरी जगह नहीं होती. वे अपना दर्द लेकर भारत आते हैं. इसलिए इस विषय को समझदारी से देखने की जरूरत है.
अगस्त से शुरू हुई प्रक्रिया, 15 दिसंबर तक चलेगा SIR
वित्त मंत्री की ओर से जल्दबाजी का सवाल उठाए जाने पर मरांडी ने कहा कि SIR की प्रक्रिया अगस्त से शुरू हुई है और 15 दिसंबर तक चलने वाली है. 22 दिसंबर को अंतिम मतदाता सूची का प्रकाशन होना है. यानी करीब साढ़े चार महीने की प्रक्रिया है. उन्होंने कहा कि SIR पहली बार नहीं हो रहा है. कांग्रेस के शासनकाल में भी कई बार यह प्रक्रिया हुई है. इसकी शुरुआत 1952 में हुई थी.
वित्त मंत्री राधाकृष्ण किशोर की ओर से सदन में पेश आंकड़ों पर सवाल उठाते हुए मरांडी ने कहा कि SIR से पहले झारखंड में कुल 2 करोड़ 64 लाख 63 हजार 226 मतदाता थे. ड्राफ्ट सूची में करीब 2 करोड़ 21 लाख मतदाता हैं. उन्होंने आरोप लगाया कि वित्त मंत्री ने आंकड़ों का पूरा ब्रेकअप नहीं बताया और चालाकी से इस सवाल को टाल गए.
मरांडी ने आंकड़ों का हवाला देते हुए कहा कि 7 लाख 62 हजार 903 मतदाता मृत पाए गए हैं. वहीं 15 लाख 92 हजार 194 मतदाता स्थायी रूप से झारखंड से बाहर चले गए हैं. 4 लाख 38 हजार 596 मतदाता ऐसे हैं जिनके नाम एक से अधिक जगह दर्ज हैं. इसके अलावा करीब 14 लाख 50 हजार मतदाताओं का अता-पता नहीं है. उन्होंने कहा, “मुझे लगता है यही लोग घुसपैठिये होंगे.”
अंत में मरांडी ने कहा कि निर्वाचन आयोग द्वारा SIR कराना न तो असंवैधानिक है और न ही भारतीय नागरिकों की सूची पर कार्रवाई है. इसका उद्देश्य निर्वाचन प्रक्रिया को स्पष्ट और पारदर्शी बनाना है. हालांकि, उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि किसी भी पात्र मतदाता का नाम मतदाता सूची से नहीं छूटना चाहिए.
No comments yet. Be the first to comment!