जोहार लाइव ब्यूरो
भारत के मुख्य न्यायाधीश (सीजेआई) सूर्यकांत ने न्यायिक अधिकारियों के कामकाज को लेकर सख्त नाराजगी जताई है. उन्होंने न्यायिक अधिकारियों की ओर से सेवा संबंधी सुविधाओं और सेवानिवृत्ति के बाद मिलने वाले लाभों की मांग को लेकर बार-बार अदालतों का रुख करने पर सवाल उठाए. CJI ने कहा कि न्यायिक अधिकारियों को अपनी सुविधाओं और रिटायरमेंट की उम्र बढ़ाने की चिंता छोड़कर अदालतों में लंबित मामलों के निपटारे पर ध्यान देना चाहिए.
सुनवाई के दौरान CJI सूर्यकांत ने टिप्पणी करते हुए कहा कि न्यायिक अधिकारी अब हर मामले में आवेदन लेकर पहुंच जाते हैं और मांग करते हैं कि उन्हें यह सुविधा दी जाए या वह लाभ दिया जाए. उन्होंने सवाल किया कि आखिर वे अदालतों में अपने काम पर ध्यान क्यों नहीं देते? उन्होंने कहा कि अदालतों को पता है कि न्यायिक अधिकारियों के पास कितने मामलों का निपटारा हुआ है और वे पूरे दिन क्या करते हैं.
सुबह 10 बजे अदालत जाइए, कोई नहीं मिलता
सीजेआई ने न्यायिक अधिकारियों की कार्यशैली पर टिप्पणी करते हुए कहा कि सुबह 10 बजे अदालत पहुंचने पर कई बार वहां कोई नहीं मिलता. कोई अपने चैंबर में बैठा रहता है तो कोई कॉफी पीने में व्यस्त रहता है. उन्होंने कहा कि ऐसा नहीं है कि अदालतों को इस बात की जानकारी नहीं है कि न्यायिक अधिकारी अपना समय कैसे बिता रहे हैं.
मुख्य न्यायाधीश ने कहा कि न्यायिक अधिकारियों को 24 घंटे इस बात की चिंता रहती है कि उन्हें कौन-कौन से सेवा लाभ और सुविधाएं मिलेंगी. उनकी सेवानिवृत्ति की उम्र बढ़ाई जाएगी या नहीं, इस पर उनका पूरा ध्यान रहता है. दूसरी ओर आम लोग अपने मामलों की सुनवाई और न्याय मिलने के इंतजार में अदालतों के बाहर कतार में खड़े रहते हैं.
CJI सूर्यकांत की इस टिप्पणी ने न्यायिक अधिकारियों की जवाबदेही, कार्यशैली और लंबित मामलों के निपटारे को लेकर एक महत्वपूर्ण सवाल खड़ा किया है. उनकी टिप्पणी का मुख्य संदेश यही था कि न्यायिक पद पर बैठे लोगों की पहली प्राथमिकता लोगों को समय पर न्याय दिलाना होनी चाहिए, न कि व्यक्तिगत सुविधाओं और सेवा लाभों की मांग.
No comments yet. Be the first to comment!