जोहार लाइव ब्यूरो
झारखंड में 108 एंबुलेंस सेवा से जुड़े करीब 2000 चालक और इमरजेंसी मेडिकल टेक्नीशियन अनिश्चितकालीन हड़ताल पर चले गए हैं. कर्मचारियों ने 18 नवंबर की रात आठ बजे से काम बंद कर दिया है. इससे राज्य में आपातकालीन एंबुलेंस सेवा प्रभावित होने लगी है. गुरुवार सुबह हड़ताली कर्मचारियों ने नामकुम स्थित स्वास्थ्य मुख्यालय के एनएचएम कार्यालय के सामने धरना-प्रदर्शन किया. कर्मचारी अपनी मांगों को लेकर कार्यालय के मुख्य गेट के पास सड़क पर बैठ गये हैं.
झारखंड प्रदेश एंबुलेंस कर्मचारी संघ के प्रदेश अध्यक्ष नीरज तिवारी ने बताया कि कर्मचारियों को अगस्त से अक्टूबर 2026 तक का वेतन नहीं मिला है. लंबे समय से वेतन भुगतान नहीं होने के कारण कर्मचारियों के सामने आर्थिक संकट खड़ा हो गया है. इसके अलावा फरवरी 2025 से वेतन में कथित मनमानी कटौती की जांच कराने और काटी गयी राशि वापस करने की मांग भी लंबित है.
कर्मचारियों की अन्य मांगों में नौकरी की सुरक्षा, न्यूनतम मजदूरी, ईपीएफ, ईएसआईसी, बीमा और बोनस का लाभ शामिल है. संघ का आरोप है कि इन मुद्दों पर बार-बार मांग उठाने के बावजूद अब तक कोई ठोस समाधान नहीं निकला है.
सरकारी राशि के दुरुपयोग और भुगतान में गड़बड़ी की जांच की मांग
हड़ताली कर्मचारियों ने खराब एंबुलेंस के नाम पर सरकारी राशि के कथित दुरुपयोग और वेतन भुगतान से जुड़े दस्तावेजों में गड़बड़ी की जांच कराने की भी मांग की है. कर्मचारियों का कहना है कि इन मामलों में भी अब तक कोई कार्रवाई नहीं हुई है.
प्रदेश अध्यक्ष नीरज तिवारी के मुताबिक, इससे पहले स्वास्थ्य विभाग के अपर मुख्य सचिव अजय कुमार सिंह के साथ हुई वार्ता में छठ पूजा तक समस्याओं का समाधान करने का आश्वासन दिया गया था. लेकिन समयसीमा बीत जाने के बाद भी न तो बकाया वेतन मिला और न ही अन्य मांगों पर कार्रवाई हुई.
मांगें पूरी होने तक जारी रहेगी हड़ताल
कर्मचारी संघ ने स्पष्ट किया है कि जब तक उनकी मांगें पूरी नहीं होतीं, तब तक आंदोलन जारी रहेगा. कर्मचारियों ने सरकार और स्वास्थ्य विभाग से तत्काल हस्तक्षेप कर बकाया वेतन का भुगतान करने और लंबित मांगों पर निर्णय लेने की अपील की है.
108 एंबुलेंस सेवा सड़क हादसों में घायल लोगों, प्रसव पीड़ित महिलाओं और गंभीर मरीजों को अस्पताल पहुंचाने के लिए महत्वपूर्ण है. ऐसे में करीब 2000 कर्मचारियों की हड़ताल से राज्य की आपातकालीन स्वास्थ्य सेवाओं पर असर पड़ने की आशंका है.
ग्रामीण इलाकों में स्थिति और गंभीर हो सकती है. पोटका समेत कई प्रखंडों में पहले से ही कुछ एंबुलेंस खराब पड़ी हैं. ऐसे में अनिश्चितकालीन हड़ताल जारी रहने पर मरीजों और उनके परिजनों को समय पर एंबुलेंस मिलने में परेशानी हो सकती है. खासकर सड़क हादसों और प्रसव जैसी आपात स्थितियों में लोगों की मुश्किलें बढ़ सकती हैं.
Also Read : निशा भगत मौत केस: CBI ने तत्कालीन थानेदार सतीश पांडे से की पूछताछ के बाद दिल्ली लौटेगी टीम

