जामताड़ा : जिले के कानगोई मौजा में सरकारी गोचर भूमि पर फैक्ट्री निर्माण का मामला एक बार फिर सामने आया है. पूर्व नगर पंचायत अध्यक्ष वीरेंद्र मंडल ने जिला प्रशासन को आवेदन देकर अमानकित पाइप्स मैन्युफैक्चरिंग प्राइवेट लिमिटेड (ग्लाईको पाइप) द्वारा कथित रूप से कब्जा की गई सरकारी जमीन को अतिक्रमण मुक्त कराने की मांग की है.
वीरेंद्र मंडल के अनुसार, अंचल थाना संख्या-16, सरदारी समूह मिहिजाम के अंतर्गत अनाबादी खाता संख्या-56 और दाग संख्या-1015 की गोचर भूमि के एक हिस्से पर कंपनी ने पाइप फैक्ट्री का निर्माण किया है. उनका कहना है कि इस जमीन को अतिक्रमण मुक्त कराने की मांग लंबे समय से की जा रही है, लेकिन अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई है.
दस्तावेज उपलब्ध कराने का दिया गया था निर्देश
आवेदन में जिला प्रशासन की ओर से पहले जारी किए गए पत्रों का भी हवाला दिया गया है. जिला दंडाधिकारी-सह-उपायुक्त कार्यालय की जिला राजस्व शाखा ने ज्ञापांक संख्या-1800, दिनांक 5 जनवरी 2024 के माध्यम से क्षेत्रीय निदेशक, जियाडा संथाल परगना प्रक्षेत्र, देवघर को संबंधित जमीन के भू-हस्तांतरण की स्वीकृति से जुड़े दस्तावेज 10 जनवरी 2024 तक उपलब्ध कराने का निर्देश दिया था.
निर्देश में कहा गया था कि तय समय सीमा के भीतर दस्तावेज उपलब्ध नहीं कराए जाने पर जमीन को सरकारी गोचर भूमि मानते हुए अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई की जाएगी. इससे पहले अंचल कार्यालय जामताड़ा ने भी 20 मई 2023 और 26 मई 2023 को पत्र जारी कर संबंधित दस्तावेज मांगे थे. इसके अलावा 20 दिसंबर 2023 के ज्ञापांक संख्या 1446/10 और 1447/10 का भी आवेदन में उल्लेख किया गया है.
एसपीटी एक्ट के तहत भी उठाया सवाल
वीरेंद्र मंडल ने आवेदन में कहा है कि संबंधित जमीन सरकारी गोचर भूमि है. ऐसे में इसके हस्तांतरण की वैधता पर भी सवाल उठता है. उन्होंने संथाल परगना काश्तकारी अधिनियम (एसपीटी एक्ट) के प्रावधानों का हवाला देते हुए जमीन के हस्तांतरण से जुड़े दस्तावेजों की जांच कराने की मांग की है.
मंडल के मुताबिक, इस मामले में 15 मार्च 2023 को भी उपायुक्त के समक्ष आवेदन दिया गया था. इसके बावजूद अब तक जमीन से कथित अतिक्रमण नहीं हटाया गया है. उन्होंने जिला प्रशासन से पूरे मामले की जांच कर सरकारी गोचर भूमि को अतिक्रमण मुक्त कराने की मांग की है. साथ ही कहा है कि जल्द कार्रवाई नहीं होने पर वह इस मामले को लेकर झारखंड हाईकोर्ट में याचिका दायर करेंगे.
Also Read : ‘राम विचार और नैतिकता के प्रतीक’: जावेद अख्तर के बयान पर मौलाना साजिद रशीदी ने दी अजीब नसीहत

