जोहार लाइव ब्यूरो
झारखंड प्रदेश कांग्रेस कमेटी के महासचिव सह मीडिया विभाग के संयोजक लाल किशोर नाथ शाहदेव ने कहा कि एसआईआर 2026 के तहत 18 नवंबर को राज्य के सभी मतदान केंद्रों पर विशेष अवसर कैंप का आयोजन किया जाएगा. इस कैंप में बूथ लेवल ऑफिसर (बीएलओ) के साथ बूथ लेवल एजेंट-2 (बीएलए-2) भी मौजूद रहेंगे.
लाल किशोर नाथ शाहदेव ने बताया कि इस विशेष कैंप का उद्देश्य वैसे पात्र भारतीय नागरिकों को एक और अवसर प्रदान करना है, जिनका नाम किसी कारणवश एएसडीडी सूची में चिह्नित हो गया है. इसके अलावा, ऐसे पात्र नागरिक भी इस कैंप का लाभ उठा सकते हैं, जिन्हें दूसरी बार नोटिस मिलने के बावजूद किसी कारण से उपस्थित नहीं हो पाए थे.
उन्होंने कहा कि यह अवसर उन युवाओं के लिए भी महत्वपूर्ण है, जो 1 अक्टूबर 2026 को 18 वर्ष की आयु पूरी कर चुके हैं, लेकिन अब तक मतदाता सूची में अपना पंजीकरण नहीं करा पाए हैं. ऐसे सभी पात्र नागरिक कैंप में पहुंचकर मतदाता सूची में नाम शामिल कराने से संबंधित आवश्यक प्रक्रिया पूरी कर सकते हैं.
कांग्रेस महासचिव ने सभी पात्र मतदाताओं से अपील की कि वे अपने मतदान केंद्र पर पहुंचकर इस विशेष अवसर का लाभ उठाएं. उन्होंने कहा कि कैंप में बीएलओ और बीएलए-2 की मौजूदगी से मतदाताओं को आवश्यक जानकारी और सहयोग मिल सकेगा. इस कार्य में कांग्रेस पार्टी के कार्यकर्ताओं की ओर से भी पूरा सहयोग किया जाएगा, ताकि पात्र नागरिकों का नाम अंतिम मतदाता सूची में शामिल हो सके.
Also Read : सिमडेगा विधायक भूषण बाड़ा पर नाबालिग के यौन शोषण और बाल श्रम का आरोप, जनाधिकार महासभा ने की कार्रवाई की मांग



