जोहार लाइव ब्यूरो
सुप्रीम कोर्ट द्वारा बिलकिस बानो सामूहिक दुष्कर्म और उनके परिवार के 14 सदस्यों की हत्या के मामले में दोषी ठहराए गए 11 आरोपियों में से दो को जमानत दिए जाने पर बिलकिस बानो ने गहरा दुख और अविश्वास जताया है. उन्होंने कहा कि अदालत ने उन्हें बिना सुने ही आदेश पारित कर दिया, जिससे उनके और उनके परिवार के मन में पुराने डर फिर से जिंदा हो गए हैं.
बिलकिस बानो ने कहा कि उन्हें सुप्रीम कोर्ट के इस आदेश की जानकारी मीडिया रिपोर्टों के माध्यम से मिली. न तो उन्हें इस बारे में पहले कोई जानकारी दी गई और न ही अपना पक्ष रखने का अवसर मिला.
बिलकिस बानो ने अपनी प्रतिक्रिया में कहा, “मुझे अभी भी यकीन नहीं हो रहा है कि एक बार फिर सुप्रीम कोर्ट ने मुझे बुलाए या सुने बिना ही कोई आदेश पारित कर दिया. मुझे इसके बारे में मीडिया रिपोर्टों के जरिए पता चला.” उन्होंने कहा कि इस फैसले से न्याय व्यवस्था पर उनका भरोसा कमजोर हुआ है. साथ ही उन्हें अपनी, अपने परिवार और बच्चों की सुरक्षा को लेकर फिर से चिंता सताने लगी है.
बिलकिस बानो ने न्याय पाने के लिए पिछले 24 वर्षों में किए गए संघर्ष को याद करते हुए कहा कि इस दौरान उन्होंने अपने भीतर हिम्मत के ऐसे स्रोत खोजे, जिनके बारे में उन्हें खुद भी पता नहीं था. उन्होंने कहा कि लाखों लोगों के समर्थन और एकजुटता ने उन्हें मुश्किल दौर में आगे बढ़ने की ताकत दी.
क्या है पूरा मामला ?
गुजरात में 2002 के दंगों के दौरान इन 11 लोगों ने बिलकिस बानो (जो उस वक़्त गर्भवती थीं) का सामूहिक बलात्कार किया था. इसके साथ ही 14 लोगों की हत्या भी की गई थी, जिनमें बिलकिस बानो की तीन वर्षीय बेटी भी शामिल थीं. गुजरात पुलिस ने साल 2002 में कहा था कि इस केस को बंद कर देना चाहिए क्योंकि वह अपराधियों को ढूंढ़ नहीं पाई है. इसके बाद बिलकिस बानो ने सुप्रीम कोर्ट से मांग की थी कि इस केस की जाँच सीबीआई (सेंट्रल ब्यूरो ऑफ़ इन्वेस्टीगेशन) से कराई जानी चाहिए. इसके बाद ये मामला गुजरात से महाराष्ट्र भेजा गया.
साल 2008 में सीबीआई की विशेष अदालत ने इन 11 लोगों को आजीवन कारावास की सज़ा दी. आजीवन कारावास की सज़ा पूरे जीवन के लिए होती है लेकिन सरकार के पास ये अधिकार होता है कि वो अपराधी का अच्छा आचरण देखकर 14 साल बाद उसे रिहा कर दे. सरकार इस मामले में दूसरी शर्तें भी लागू कर सकती है, जैसे संबंधित क़ैदी को कब रिहा किया जाए.
‘मुझे फिर से डर लग रहा है’
बिलकिस ने कहा कि उन्हें उम्मीद थी कि अब उनके जीवन में शांति लौटेगी, लेकिन अदालत के ताजा आदेश ने उन पुराने जख्मों और डर को फिर से ताजा कर दिया है, जिनसे वह बड़ी मुश्किल से उबरी थीं.
उन्होंने कहा, “आज मुझे लग रहा है कि जिस न्याय को पाने के लिए मैंने इतनी कड़ी लड़ाई लड़ी थी, वह अब मुझसे छिन रहा है. पुराने डर फिर से सामने आ रहे हैं. मैं अपने, अपने परिवार और बच्चों की सुरक्षा को लेकर एक बार फिर डरी हुई हूं.”
बिलकिस बानो ने स्पष्ट किया कि वह इस आदेश को चुनौती देंगी और न्याय के लिए अपनी लड़ाई जारी रखेंगी. उन्होंने कहा, “मैं इस आदेश के खिलाफ लड़ूंगी, मुझे ऐसा करना ही होगा.” उनकी इस प्रतिक्रिया से साफ है कि लंबे कानूनी संघर्ष के बाद भी न्याय और सुरक्षा को लेकर उनकी चिंताएं खत्म नहीं हुई हैं.
Also Read : झारखंड : UCIL के खिलाफ चौथे दिन भी आमरण अनशन जारी, 30 युवाओं को रोजगार देने की मांग



