नौकरी की सामान्य सेवानिवृत्ति आयु 60 साल है, लेकिन ईस्टर्न कोलफील्ड्स लिमिटेड (ईसीएल) के कर्मचारी अब 45 साल की उम्र में भी स्वैच्छिक सेवानिवृत्ति ले सकते हैं. कंपनी ने अपने स्थायी गैर-कार्यकारी कर्मचारियों (वर्कमैन) के लिए वीआरएस-2026 की घोषणा की है. इस योजना के तहत नौकरी छोड़ने वाले कर्मचारियों को एकमुश्त मुआवजे के साथ पीएफ, ग्रेच्युटी और अन्य सेवानिवृत्ति लाभ भी मिलेंगे. इसके लिए ऑनलाइन आवेदन की प्रक्रिया 1 दिसंबर से शुरू होगी और 31 दिसंबर 2026 तक चलेगी.
ईसीएल की ओर से 16 नवंबर 2026 को जारी अधिसूचना के अनुसार, आवेदन करने वाले कर्मचारी की उम्र आवेदन की तारीख तक कम से कम 45 वर्ष होनी चाहिए. हालांकि, आवेदन करने मात्र से स्वैच्छिक सेवानिवृत्ति का अधिकार नहीं मिल जाएगा. आवेदन स्वीकार करने का अंतिम निर्णय कंपनी के निदेशक (एचआर) के पास होगा.
हर साल की सेवा पर 35 दिन का वेतन, बची नौकरी के लिए भी मुआवजा
वीआरएस-2026 के तहत कर्मचारियों को दो आधार पर मुआवजा दिया जाएगा. पहली गणना में कंपनी में पूरी की गई सेवा के प्रत्येक वर्ष के लिए 35 दिनों का वेतन (मूल वेतन और महंगाई भत्ता) मिलेगा. दूसरी गणना में सामान्य सेवानिवृत्ति आयु यानी 60 वर्ष तक बची सेवा के प्रत्येक वर्ष के लिए 25 दिनों के वेतन के बराबर राशि मिलेगी. दोनों में से जो अवधि कम होगी, उसी के आधार पर मुआवजे की गणना की जाएगी. वेतन की गणना 30 दिनों के महीने के आधार पर होगी.
इसके अलावा कर्मचारियों को भविष्य निधि (पीएफ), ग्रेच्युटी, अर्जित अवकाश के बदले नकद भुगतान, पात्रता के अनुसार पेंशन लाभ और सेवानिवृत्ति के बाद चिकित्सा सुविधा भी मिलेगी.
इन कर्मचारियों को नहीं मिलेगा वीआरएस का लाभ
कंपनी ने कुछ श्रेणियों के कर्मचारियों को इस योजना से बाहर रखा है. जिन कर्मचारियों के खिलाफ विभागीय अनुशासनात्मक या सतर्कता संबंधी कार्रवाई लंबित है, वे आवेदन नहीं कर सकेंगे. बांडेड सेवा या न्यूनतम सेवा की बाध्यता वाले कर्मचारी भी पात्र नहीं होंगे.
इसके अलावा खनन पर्यवेक्षी कर्मी, सर्वेयर, लेखाकार, फार्मासिस्ट, विद्युत पर्यवेक्षक, नर्सिंग स्टाफ और सुरक्षा निरीक्षक को भी योजना से बाहर रखा गया है. कंपनी के संगठनात्मक या परिचालन हित में आवश्यक माने जाने वाले कर्मचारियों को भी वीआरएस का लाभ नहीं मिलेगा.
इच्छुक कर्मचारी 1 दिसंबर से 31 दिसंबर 2026 के बीच ईसीएल के निर्धारित वीआरएस पोर्टल पर ऑनलाइन आवेदन कर सकेंगे. आवेदन पहले आओ, पहले पाओ के आधार पर स्वीकार किए जाएंगे. एक बार आवेदन स्वीकार होने के बाद कर्मचारी का फैसला अंतिम और अपरिवर्तनीय होगा. कंपनी ने योजना को किसी भी स्तर पर वापस लेने का अधिकार भी सुरक्षित रखा है.
Also Read : उत्तराखंड के टिहरी में बस हादसे में 9 की मौत, 26 घायल; झारखंड के दुमका के कई यात्री भी जख्मी



