जोहार लाइव ब्यूरो
जामताड़ा : सदर थाना क्षेत्र के आसनहरिया नावाडीह गांव में शनिवार को तालाब में डूबने से दो मासूम सगे भाई-बहन की मौत हो गई. मृतकों की पहचान गांव निवासी रौशन शेख के पुत्र अब्रान शेख और पुत्री माहिरा खातून के रूप में हुई है. दोनों बच्चों की मौत से परिवार में कोहराम मच गया है. वहीं, पूरे गांव में शोक की लहर है.
मिली जानकारी के अनुसार, दोनों बच्चे शनिवार शाम करीब चार बजे घर से खेलने के लिए निकले थे. काफी देर तक घर नहीं लौटने पर परिजनों को चिंता हुई. इसके बाद परिवार के लोगों ने आसपास के इलाकों में उनकी तलाश शुरू की. काफी खोजबीन के बाद भी दोनों का पता नहीं चला. इसी दौरान तालाब में डूबने की आशंका जताई गई. तलाश के दौरान दोनों बच्चों की मौत की खबर सामने आई.
बताया जाता है कि अब्रान शेख कक्षा एक का छात्र था, जबकि माहिरा खातून नर्सरी में पढ़ती थी. दोनों की उम्र अभी खेलने-कूदने की थी. इस हादसे ने परिवार की खुशियां छीन लीं.
घटना की जानकारी मिलते ही गांव में लोगों की भीड़ जुट गई. बच्चों को खोने के बाद माता-पिता का रो-रोकर बुरा हाल है. घटना के बाद से पूरे गांव का माहौल गमगीन है.





