जोहार लाइव ब्यूरो
नई दिल्ली के भारत मंडपम में आयोजित इंडिया इंटरनेशनल ट्रेड फेयर (IITF)-2026 में इस बार झारखंड को फोकस स्टेट के रूप में शामिल किया गया है. शनिवार को मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने झारखंड पवेलियन और पलाश का उद्घाटन किया. ‘विकास और विरासत’ थीम पर तैयार पवेलियन में झारखंड की सांस्कृतिक पहचान के साथ राज्य के स्थानीय उत्पादों, पारंपरिक हस्तशिल्प, टसर सिल्क, महिला उद्यमिता और ग्रामीण अर्थव्यवस्था की झलक देखने को मिलेगी.
उद्घाटन समारोह में मुख्यमंत्री ने भगवान बिरसा मुंडा और वीर शहीद सिद्धो-कान्हू की प्रतिमाओं पर माल्यार्पण कर श्रद्धांजलि अर्पित की. पवेलियन पहुंचने पर उनका स्वागत पारंपरिक झूमर नृत्य के साथ किया गया. इसके बाद मुख्यमंत्री ने विभिन्न स्टॉलों का भ्रमण किया और झारखंड के पारंपरिक हस्तशिल्प, कला-संस्कृति, स्थानीय उत्पादों और उद्यमिता से जुड़े प्रयासों की जानकारी ली.
इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने कहा कि झारखंड हर वर्ष इंडिया इंटरनेशनल ट्रेड फेयर में अपनी भागीदारी सुनिश्चित करता है. इस बार ‘विकास और विरासत’ थीम के माध्यम से राज्य की सांस्कृतिक विरासत के साथ विकास की पहलों को देश के सामने रखने का प्रयास किया गया है. उन्होंने कहा कि मेले में ग्रामीण अर्थव्यवस्था, महिला समूहों की भागीदारी, कारीगरों और शिल्पकारों को मिल रहे प्रोत्साहन तथा राज्य में हो रहे विकास कार्यों को प्रमुखता से प्रदर्शित किया जा रहा है.

महिला स्वयं सहायता समूहों और स्थानीय उत्पादों को मिला मंच
झारखंड पवेलियन में इस बार ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूती देने और महिला स्वयं सहायता समूहों के उत्पादों को बाजार उपलब्ध कराने के प्रयासों को विशेष स्थान दिया गया है. इसके साथ ही स्थानीय कारीगरों और शिल्पकारों के उत्पादों को भी प्रदर्शित किया गया है. टसर सिल्क, पारंपरिक हस्तशिल्प और स्थानीय उत्पादों के जरिये राज्य की कला, कौशल और उद्यमिता को राष्ट्रीय स्तर पर पहचान दिलाने की कोशिश की गई है.
उद्घाटन समारोह में राज्य के उद्योग मंत्री संजय प्रसाद यादव, मुख्य सचिव अविनाश कुमार, ग्रामीण विकास विभाग के सचिव मनोज कुमार, उद्योग विभाग के सचिव अरवा राजकमल, पर्यटन निदेशक नमन प्रियेश लकड़ा और उद्योग निदेशक विशाल सागर समेत राज्य सरकार के अन्य वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे.





