रांची : मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) को लेकर झारखंड कांग्रेस ने 18 नवंबर को राज्य के सभी मतदान केंद्रों पर अपने कार्यकर्ताओं को तैनात करने का निर्णय लिया है. इस दिन बूथ लेवल ऑफिसर (BLO) और बूथ लेवल एजेंट (BLA-2) की बैठक होगी. कांग्रेस कार्यकर्ता मतदाता सूची में दर्ज विसंगतियों को दूर करने, गलत तरीके से अनुपस्थित, स्थानांतरित, मृत और डुप्लीकेट श्रेणी में दर्ज मतदाताओं की मदद करेंगे. जिन बूथों पर पार्टी के BLA-2 नियुक्त नहीं हैं, वहां कांग्रेस के पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद रहेंगे.
रांची स्थित कांग्रेस कार्यालय में 14 नवंबर को आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस में प्रदेश युवा कांग्रेस अध्यक्ष कुमार राजा ने यह जानकारी दी. उन्होंने आरोप लगाया कि SIR के माध्यम से भाजपा पूरे देश में ऐसे मतदाताओं के नाम वोटर लिस्ट से हटाने का प्रयास कर रही है, जो उसके पक्ष में मतदान नहीं करते हैं. उन्होंने कहा कि राहुल गांधी ने भी इस मुद्दे को उठाया था और कांग्रेस ने सड़क से संसद तक इसके खिलाफ संघर्ष किया है.
कुमार राजा ने कहा कि 1 नवंबर को दिल्ली के रामलीला मैदान में हुई रैली के बाद निर्वाचन आयोग ने झारखंड समेत पांच अन्य राज्यों को 6 नवंबर को पत्र लिखकर ASDD (Absent, Shifted, Death और Duplicate) श्रेणी में दर्ज नामों की दोबारा जांच और सुधार के लिए समय दिया है. इसके तहत इन्युमरेशन फॉर्म भरकर संबंधित मामलों का निष्पादन किया जाएगा.
उन्होंने बताया कि कई बार BLO के घर पहुंचने के समय मतदाता मौजूद नहीं होते हैं, जिसके कारण उनका नाम अनुपस्थित श्रेणी में दर्ज हो जाता है. इसी तरह गलत जानकारी के आधार पर किसी जीवित व्यक्ति का नाम मृतकों की सूची में शामिल हो सकता है. किसी मतदाता का नाम स्थानांतरित या डुप्लीकेट श्रेणी में भी दर्ज हो सकता है. ऐसे सभी मामलों में कांग्रेस के BLA-2 मतदाताओं को इन्युमरेशन फॉर्म भरने और जरूरी जानकारी उपलब्ध कराने में सहयोग करेंगे.
झारखंड में 17 लाख मामलों का निष्पादन बाकी
कुमार राजा ने कहा कि झारखंड में अभी भी करीब 17 लाख मतदाताओं के मामले नो मैपिंग, तार्किक विसंगति और अन्य श्रेणियों में लंबित हैं. इनका समय पर निष्पादन होना जरूरी है. उन्होंने निर्वाचन आयोग से मांग की कि इन मामलों को जल्द निपटाया जाए.
उन्होंने बताया कि फॉर्म-6 के तहत नए मतदाताओं के नाम जोड़ने के लिए करीब 6.37 लाख आवेदन आए हैं. वहीं, फॉर्म-8 के तहत नाम, पता और अन्य विवरणों में सुधार के लिए करीब 8 लाख आवेदन प्राप्त हुए हैं. उन्होंने इन आवेदनों का जल्द निष्पादन करने की मांग की, ताकि नए मतदाताओं का नाम भी वोटर लिस्ट में जुड़ सके और जिनके विवरण में गलती है, वे उसे ठीक करा सकें.
रांची में 1,12,702 तार्किक विसंगति के मामले लंबित
कुमार राजा ने रांची जिले के आंकड़ों का हवाला देते हुए बताया कि तार्किक विसंगति से जुड़े कुल 4,35,253 मामलों में से 3,22,551 मामलों का निष्पादन किया जा चुका है. यानी करीब 75 प्रतिशत मामलों का समाधान हुआ है. हालांकि, अभी भी 1,12,702 मामले लंबित हैं.
उन्होंने कहा कि यह संख्या एक जिले के लिहाज से काफी बड़ी है. निर्वाचन आयोग को अतिरिक्त मैनपावर और BLO की मदद से इन मामलों का जल्द निष्पादन करना चाहिए.
नो मैपिंग में रांची की रैंकिंग 19वें स्थान पर
कुमार राजा के अनुसार, रांची जिले में नो मैपिंग के करीब 2,08,000 मामले आए थे. इनमें से 98,136 मामलों का निष्पादन किया गया है. उन्होंने शेष मामलों को भी जल्द निपटाने की जरूरत बताई. उन्होंने बताया कि रांची में फॉर्म-6 के तहत करीब 91 हजार आवेदन आए हैं. कांग्रेस के पदाधिकारी और BLA नए मतदाताओं, खासकर 18 वर्ष की आयु पूरी कर चुके युवाओं को फॉर्म-6 भरवाकर मतदाता सूची में नाम जुड़वाने में सहयोग करेंगे.
उन्होंने कहा कि नो मैपिंग के मामलों के निष्पादन में रांची की रैंकिंग 19वें और तार्किक विसंगति के मामलों में 18वें स्थान पर है. यह कोई संतोषजनक स्थिति नहीं है. जितनी तेजी से काम होना चाहिए था, उतनी तेजी से निष्पादन नहीं हुआ है.
कुमार राजा ने कहा कि 18 नवंबर को सभी बूथों पर होने वाले कार्यों के बाद 19 नवंबर को आंकड़ों की समीक्षा की जाएगी. यदि निष्पादन की स्थिति संतोषजनक नहीं रही तो कांग्रेस निर्वाचन आयोग से समय सीमा बढ़ाने की मांग करेगी. जरूरत पड़ने पर पार्टी फिर से घेराव और आंदोलन करेगी.
उन्होंने कहा कि झारखंड में खासकर आर्थिक और सामाजिक रूप से पिछड़े लोगों को इन प्रक्रियाओं को समझने में परेशानी होती है. ऐसे लोगों की मदद करना जरूरी है. कांग्रेस कार्यकर्ता पूरी ताकत के साथ सभी बूथों पर मौजूद रहेंगे और पात्र मतदाताओं के नाम सुरक्षित रखने में सहयोग करेंगे.





