रांची: झारखंड राज्य स्थापना दिवस के अवसर पर 15 नवंबर से राज्यभर में विशेष कार्यक्रमों की शुरुआत होगी. इस बार स्थापना दिवस समारोह को राज्य सरकार की दूसरी वर्षगांठ से जोड़ते हुए 28 नवंबर तक विभिन्न गतिविधियों का आयोजन किया जाएगा. कार्यक्रमों की शुरुआत 15 नवंबर को सभी जिलों में ‘रन फॉर क्लीनलिनेस’ से होगी.
वहीं, 28 नवंबर को रांची के खेलगांव में मुख्य समारोह आयोजित किया जाएगा. इस दौरान सरकारी योजनाओं का उद्घाटन, शिलान्यास और शुभारंभ करने के साथ लाभुकों के बीच परिसंपत्तियों का वितरण किया जाएगा.
निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार, 15 नवंबर को सुबह 7 से 8 बजे तक राज्य के सभी जिलों में ‘रन फॉर क्लीनलिनेस’ आयोजित होगा. इसकी शुरुआत जिले के किसी प्रमुख स्थल या चौक-चौराहे से की जाएगी. इसके बाद प्रतिभागी प्रमुख छठ घाटों की सफाई करेंगे. इस तरह स्थापना दिवस के कार्यक्रमों की शुरुआत स्वच्छता अभियान के संदेश के साथ होगी.
पंचायत से राज्य स्तर तक होंगी प्रतियोगिताएं
स्थापना दिवस पखवाड़े के तहत 17 से 25 नवंबर तक पंचायत, प्रखंड और जिला स्तर पर खेलकूद प्रतियोगिताओं के साथ सांस्कृतिक और रचनात्मक गतिविधियां आयोजित की जाएंगी. इनमें नाटक, नृत्य-संगीत और निबंध लेखन प्रतियोगिताएं शामिल हैं.
इन आयोजनों में आम लोगों की भागीदारी सुनिश्चित करने की योजना है. जिला स्तर पर चयनित प्रतिभागी और टीमें 26 एवं 27 नवंबर को रांची के खेलगांव में राज्य स्तरीय आयोजन में हिस्सा लेंगी. यहां उनकी प्रस्तुतियों और प्रदर्शन के आधार पर विजेता टीमों का चयन किया जाएगा. उन्हें 28 नवंबर के मुख्य समारोह में पुरस्कृत किया जाएगा.
खेलगांव में तीन दिनों तक मेला और सांस्कृतिक संध्या
26 से 28 नवंबर तक खेलगांव में मेला-सह-प्रदर्शनी का आयोजन किया जाएगा. इसमें विभिन्न विभागों के स्टॉल के अलावा राज्य के सभी जिलों के लिए एक-एक स्टॉल लगाया जाएगा. विभागीय स्टॉल पर सरकारी योजनाओं, कार्यक्रमों और जनोपयोगी सेवाओं की जानकारी उपलब्ध कराई जाएगी. वहीं, जिलों के स्टॉल पर स्थानीय विशिष्ट उत्पादों, पर्यटन स्थलों और आर्थिक गतिविधियों को प्रदर्शित किया जाएगा. इसके अलावा नवाचार पर केंद्रित स्टॉल भी लगाए जाएंगे.
तीनों दिन खेलगांव में सांस्कृतिक संध्या का आयोजन होगा. 28 नवंबर को सरकार की दूसरी वर्षगांठ के अवसर पर आयोजित मुख्य समारोह में विभिन्न योजनाओं का उद्घाटन, शिलान्यास और शुभारंभ किया जाएगा. लाभुकों के बीच परिसंपत्तियों का वितरण भी होगा. इसके साथ ही पंचायत, प्रखंड, जिला और राज्य स्तर पर उत्कृष्ट कार्य करने वाले व्यक्तियों एवं संस्थाओं का चयन कर उन्हें सम्मानित किया जाएगा.
Also Read : घोटाला परीक्षा-दर-परीक्षा भाग-3: एसीएफ परीक्षा के खिलाफ भी सबूत कम नहीं, कोर्ट पर रहेगी छात्रों की नजर





