रांची. झारखंड में महिला और बालिका सुरक्षा को लेकर एक बार फिर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं. सिमडेगा के कांग्रेस विधायक भूषण बाड़ा पर 14 वर्षीय नाबालिग लड़की ने दुष्कर्म का गंभीर आरोप लगाया है. पीड़िता की शिकायत पर धुर्वा थाना में POCSO मामले में ऑनलाइन प्राथमिकी दर्ज की गई है. शिकायत में विधायक पर 5 अगस्त को रांची स्थित विधानसभा आवास संख्या 12 में दुष्कर्म करने और घटना के बाद जान से मारने की धमकी देने का आरोप लगाया गया है.
इस मामले में दो महिलाओं पर भी पढ़ाई और स्कूल में दाखिले का झांसा देकर नाबालिग से काम कराने, मारपीट और मानसिक एवं शारीरिक प्रताड़ना के आरोप लगाए गए हैं. मामला सामने आने के बाद भाजपा नेता सीता सोरेन, विधायक अमर बाउरी और केंद्रीय महिला एवं बाल विकास मंत्री अन्नपूर्णा देवी ने भी प्रतिक्रिया दी है. तीनों ने मामले की निष्पक्ष जांच और पीड़िता को सुरक्षा देने की मांग की है.
पढ़ाई और स्कूल में दाखिले का झांसा देकर रांची ले जाने का आरोप
पुलिस को दिए आवेदन के अनुसार, मई 2026 में दो महिलाएं नाबालिग के घर पहुंचीं और पढ़ाई-लिखाई तथा स्कूल में दाखिला कराने का भरोसा देकर उसे सिमडेगा विधायक आवास ले गईं. आरोप है कि उसी रात उसे रांची स्थित विधायक भूषण बड़ा के आवास पर लाया गया. अगले दिन से उससे घरेलू काम कराया जाने लगा. कुछ दिनों बाद उसे सिमडेगा ले जाया गया, जहां एक महिला के निर्माणाधीन मकान की बाउंड्री के काम में ईंट और बालू ढुलवाया गया. इसके बाद उसे फिर रांची लाया गया.
पीड़िता ने आरोप लगाया है कि सिमडेगा और रांची दोनों जगहों पर उसके साथ अच्छा व्यवहार नहीं किया जाता था. देर से उठने या काम ठीक से नहीं करने पर मारपीट और गाली-गलौज की जाती थी. खाना मांगने पर भी उसे अपशब्द कहे जाते थे. आवेदन में कहा गया है कि उसे यह कहकर डराया जाता था कि उसका कोई आगे-पीछे नहीं है और उसे वहीं मरना और सड़ना है. स्कूल में दाखिले की मांग करने पर उसे लगातार कुछ दिन और इंतजार करने को कहकर टाल दिया जाता था.
विधायक आवास में दुष्कर्म का आरोप
आवेदन में पीड़िता ने आरोप लगाया है कि 5 अगस्त 2026 को वह रांची स्थित विधानसभा के विधायक आवास संख्या 12 में थी. उस दिन आवास में उसके साथ काम करने वाली दो अन्य लड़कियां छुट्टी पर गई हुई थीं. दोपहर में विधायक आवास पहुंचे. उन्होंने उसे पानी लेकर ऊपर बुलाया और जूता खोलने को कहा. इसी दौरान उसके साथ जबरदस्ती की गई.
पीड़िता के अनुसार, विरोध करने और चिल्लाने पर आरोपी ने उसका मुंह हाथ से बंद कर दिया और मारपीट कर चुप कराया. इसके बाद उसके साथ दुष्कर्म किया. आवेदन में आरोप लगाया गया है कि घटना के बाद उसे धमकी दी गई कि यदि उसने किसी को इस बारे में बताया तो उसे मारकर फेंक दिया जाएगा.
पीड़िता ने बताया है कि उसी शाम संबंधित महिला के आवास लौटने पर उसने धान रोपने का बहाना बनाया और अगले दिन सुबह उसके साथ सिमडेगा चली गई. वहां से वह अपने गांव चली गई. उसका दावा है कि इतने दिनों तक काम कराने के बावजूद उसे केवल तीन हजार रुपये दिए गए थे.
पीड़िता के आवेदन के अनुसार, सितंबर में वह अपनी मुंहबोली दीदी और जीजा के पास चली गई थी. कुछ समय बाद मासिक धर्म नहीं होने पर उसे गर्भवती होने का पता चला. 22 अक्टूबर को उसे तेज रक्तस्राव होने लगा. इसके बाद वह अपनी दीदी के साथ डॉक्टर के पास गई. आवेदन में दावा किया गया है कि डॉक्टर ने जांच के बाद बताया कि गर्भ में बच्चा था, जो खराब हो चुका है. पीड़िता ने आर्थिक तंगी और उचित खानपान नहीं मिलने का भी जिक्र किया है.
उसने अपनी जान को खतरा बताते हुए पुलिस से सुरक्षा उपलब्ध कराने की मांग की है. पीड़िता का कहना है कि उसके पिता की मृत्यु हो चुकी है और मां बचपन में ही उसे छोड़कर चली गई थी. ऐसे में उसके साथ देने वाला कोई नहीं है. उसने आशंका जताई है कि आरोपी प्रभावशाली हैं और शिकायत करने के कारण उसे जान से मरवाया जा सकता है.
झारखंड में बेटियां कहां सुरक्षित हैं?
केंद्रीय महिला एवं बाल विकास मंत्री अन्नपूर्णा देवी ने भी मामले को गंभीर बताते हुए प्रतिक्रिया दी है. उन्होंने कहा कि सिमडेगा के कांग्रेस विधायक पर 15 वर्षीय अनाथ आदिवासी लड़की के गंभीर यौन शोषण का मामला संज्ञान में आया है. उन्होंने मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन से मामले की तत्काल जांच कराकर आवश्यक कानूनी कार्रवाई सुनिश्चित करने की मांग की.
भाजपा नेता सीता सोरेन ने मामले पर प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि झारखंड में बेटियों की सुरक्षा को लेकर लगातार गंभीर सवाल खड़े हो रहे हैं. सिमडेगा के कांग्रेस विधायक पर नाबालिग बच्ची से जुड़े गंभीर आरोप सामने आए हैं और पॉक्सो एक्ट के तहत प्राथमिकी दर्ज किए जाने की खबर है. उन्होंने सवाल उठाया कि आखिर झारखंड में बेटियां कहां सुरक्षित हैं और पीड़ित बेटियां अपनी फरियाद लेकर कहां जाएं.
वहीं भाजपा नेता अमर बाउरी ने सोशल मीडिया पर प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि सिमडेगा से कांग्रेस विधायक पर 15 वर्षीय अनाथ आदिवासी लड़की के यौन शोषण के गंभीर आरोप लगे हैं. पीड़िता को सुरक्षा मुहैया कराए. अमर बाउरी ने मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन से मामले की तत्काल जांच कराकर सच्चाई समाज के सामने लाने की मांग की.
Also Read : सोनिया गांधी की किताब प्रेम, त्याग और लोकतांत्रिक मूल्यों की प्रेरक गाथा: केशव महतो कमलेश





