जोहार लाइव ब्यूरो
झारखंड गृह रक्षा वाहिनी (होमगार्ड) के एक इंस्पेक्टर के खिलाफ चल रही विभागीय कार्रवाई अब अगले चरण में पहुंच गई है. इंस्पेक्टर प्रकाश रंजन के विरुद्ध संचालित विभागीय कार्यवाही संख्या 02/2026 के तहत 17 नवंबर 2026 को गवाही और प्रतिपरीक्षण की प्रक्रिया निर्धारित की गई है. इस संबंध में गृह रक्षा वाहिनी एवं अग्निशमन सेवाएं, झारखंड के पुलिस उपमहानिरीक्षक (DIG) सह संचालन पदाधिकारी की ओर से आधिकारिक आदेश जारी किया गया है.जारी आदेश के मुताबिक, प्रकाश रंजन वर्तमान में झारखंड गृह रक्षा वाहिनी, पाकुड़ में पदस्थापित हैं.इससे पहले वह लातेहार में तैनात थे.उनके खिलाफ डीजी गृह रक्षा वाहिनी एवं अग्निशमन सेवाएं के कार्यालय की ओर से विभागीय कार्रवाई शुरू की गई है. इस मामले में कई अधिकारियों, गृह रक्षकों और पूर्व कर्मियों को गवाह के रूप में बुलाया गया है. इनमें एक बर्खास्त कंपनी कमांडर और एक सेवामुक्त गृह रक्षक भी शामिल हैं.
8 जून 2026 को गठित किए गए थे आरोप
जानकारी के अनुसार, इंस्पेक्टर प्रकाश रंजन के खिलाफ डीजी के सैन्यादेश संख्या 124/2026 के साथ दिनांक 8 जून 2026 के माध्यम से आरोप गठित किए गए थे.इसके बाद विभागीय कार्यवाही संख्या 02/2026 संचालित की जा रही है.
इस विभागीय मामले के संचालन की जिम्मेदारी पुलिस उपमहानिरीक्षक, गृह रक्षा वाहिनी एवं अग्निशमन सेवाएं, झारखंड को दी गई है.वही इस मामले में संचालन पदाधिकारी के रूप में गवाही और प्रतिपरीक्षण की प्रक्रिया पूरी कराएंगे.
17 नवंबर को होगी गवाही और प्रतिपरीक्षण
DIG सह संचालन पदाधिकारी की ओर से जारी आदेश में विभागीय कार्यवाही की तारीख और समय निर्धारित कर दिया गया है.इसके अनुसार 17 नवंबर 2026 को दोपहर 12:30 बजे गृह रक्षा वाहिनी एवं अग्निशमन सेवाएं के कार्यालय कक्ष में सुनवाई होगी.इस दौरान संबंधित गवाहों को गवाही देने और प्रतिपरीक्षण के लिए उपस्थित रहने का निर्देश दिया गया है.
बर्खास्त कंपनी कमांडर से लेकर गृह रक्षकों तक को बुलावा
इस विभागीय कार्यवाही में कुल नौ गवाहों को उपस्थित होने का निर्देश दिया गया है। गवाहों की सूची में अलग-अलग पदों पर काम कर चुके लोग शामिल हैं.
इनमें प्रमुख नाम हैं:-
- कैलाश प्रसाद यादव: झारखंड गृह रक्षा वाहिनी, कोडरमा के बर्खास्त कंपनी कमांडर. इनका पता दुमका जिले का दिया गया है.
- राजीव कुमार तिवारी: सेवामुक्त गृह रक्षक.
- उमेश राम: गृह रक्षा वाहिनी, लातेहार.
- अनिकेत शरण: गृह रक्षा वाहिनी, लातेहार.
- प्रदीप कुमार सिंह: गृह रक्षा वाहिनी, लातेहार.
- फ्लोरेन्सिया सुरीन: गृह रक्षा वाहिनी, लातेहार.
पाकुड़ और लातेहार के जिला समादेष्टा को भी निर्देश
आदेश में लातेहार और पाकुड़ के जिला समादेष्टा को विशेष जिम्मेदारी दी गई है.लातेहार के जिला समादेष्टा को निर्देश दिया गया है कि संबंधित गवाहों को आदेश की प्रति उपलब्ध कराते हुए निर्धारित तारीख और समय पर संचालन पदाधिकारी के समक्ष उपस्थित कराना सुनिश्चित करें.वहीं, पाकुड़ के जिला समादेष्टा को आरोपी इंस्पेक्टर प्रकाश रंजन को आदेश की प्रति हस्तगत कराने और उन्हें निर्धारित समय पर उपस्थित कराने का निर्देश दिया गया है.
अब विभागीय जांच में सामने आएंगे अहम तथ्य
प्रकाश रंजन के खिलाफ चल रही विभागीय कार्यवाही में अब गवाही और प्रतिपरीक्षण की प्रक्रिया महत्वपूर्ण होगी. अलग-अलग पदों पर कार्य कर चुके गवाहों के बयान और उनसे होने वाली जिरह के आधार पर विभागीय जांच आगे बढ़ेगी.
खास बात यह है कि इस मामले में बर्खास्त कंपनी कमांडर और सेवामुक्त गृह रक्षक को भी गवाह बनाया गया है.हालांकि, इन गवाहों के बयान में क्या तथ्य सामने आएंगे और विभागीय कार्रवाई का अंतिम निष्कर्ष क्या होगा, यह सुनवाई के बाद ही स्पष्ट हो सकेगा.फिलहाल 17 नवंबर को होने वाली विभागीय कार्यवाही पर नजर रहेगी. इस सुनवाई में गवाहों की उपस्थिति और उनके बयान से इंस्पेक्टर प्रकाश रंजन के खिलाफ चल रही जांच की दिशा आगे तय होगी.





