जोहार लाइव ब्यूरो
कांग्रेस सांसद और लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर फोन टैपिंग कराने का आरोप लगाया है. राहुल गांधी ने दावा किया कि प्रधानमंत्री को पता है कि उनके फोन की निगरानी की जा रही है. उन्होंने कहा कि उनके फोन में कई ऐसी जानकारियां मौजूद हैं, जिन्हें लेकर वह पीएम मोदी से आमने-सामने बहस करना चाहते हैं.
दरअसल, राहुल गांधी ने अपने इंस्टाग्राम हैंडल पर एक वीडियो स्टेटस शेयर किया है. इसमें एक यूजर ने उनसे सवाल किया कि पीएम मोदी कह रहे हैं कि उन्हें विदेशी मदद मिल रही है, जबकि राहुल गांधी प्रधानमंत्री पर विदेशी ताकतों के नियंत्रण में होने का आरोप लगा रहे हैं. इस पर सबूत मांगने के सवाल के जवाब में राहुल गांधी ने फोन टैपिंग का दावा किया.
राहुल गांधी ने कहा, “सबूत इसी फोन में है. प्रधानमंत्री को यह बात पता है, क्योंकि वे मेरा फोन टैप करते हैं.” उन्होंने आगे कहा कि जिस दिन प्रधानमंत्री आमने-सामने की बहस के लिए आएंगे, उस दिन सबको पता चल जाएगा कि कौन विदेशी ताकतों के इशारे पर काम कर रहा है. राहुल गांधी ने दावा किया कि उनके पास इस मुद्दे से जुड़ी कई अहम जानकारियां हैं.
पहले भी पीएम मोदी को दी थी बहस की चुनौती
बता दें कि भाजपा नेता लगातार राहुल गांधी की विदेश यात्राओं को लेकर सवाल उठाते रहे हैं. इसके जवाब में राहुल गांधी ने हाल ही में पीएम मोदी को खुली बहस की चुनौती दी थी. उन्होंने आरोप लगाया था कि प्रधानमंत्री विदेशी मदद से सत्ता में आए हैं और देश की आर्थिक व्यवस्था पर भी विदेशी ताकतों का प्रभाव है.
वहीं, केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने राहुल गांधी के बयान पर पलटवार करते हुए कहा था कि अगर राहुल गांधी वास्तव में इस मुद्दे पर चर्चा करना चाहते हैं, तो प्रधानमंत्री को पत्र लिखें. उन्होंने कहा था कि सरकार इस पर चर्चा के लिए संसद का विशेष सत्र बुलाने को तैयार है.





