जोहार लाइव ब्यूरो
झारखंड पब्लिक सर्विस कमिशन 14वीं की परीक्षा में मिली गड़बड़ियों के तथ्य सामने रखने के बाद आज दूसरे हिस्से में हम एफआरओ परीक्षा का विवरण और उसके खिलाफ मिले सबूतों के सामने रखने जा रहे हैं. झारखंड की हेमंत सोरेन सरकार ने छात्र आंदोलन और व्यवस्था में सुधार की मांग के बीच FRO सहित 22 भर्ती परीक्षाओं को रद्द करने का फैसला किया था.
मिली जानकारी के मुताबिक, झारखंड वनक्षेत्र पदाधिकारी यानी एफआरओ की प्रारंभिक परीक्षा 29 जून 2025 को आयोजित की गई थी. इस परीक्षा को भी टीडीपीएल कंपनी ने ही आयोजित किया था. परीक्षा कुल 170 रिक्ति पदों के लिए लिया जा रहा था. जिसके प्रारंभिक परिणाम में कुल 2,219 अभ्यर्थी सफल हुए थे. वहीं मुख्य परीक्षा में 743 अभ्यर्थी उत्तीर्ण हुए थे.
इन सब की जांच के दौरान सीआईडी ने टीडीपीएल के लेखापास रक्षक सिंह को गिरफ्तार किया था. रक्षक सिंह खुद भी इस परीक्षा में चयनित अभ्यर्थियों में शामिल है. उसके मोबाइल से उसकी ओएमआर की कॉर्बन कॉपी बरामद की गई है. जिसे जांच के लिए एफएसएल के पास भी भेजा गया.
इसके अलावा उसके पास से एक वीडियो भी बरामद हुआ है, जिसमें साफ दिख रहा है कि वह किसी खास स्थान पर मुख्य परीक्षा की कॉपी लिख रहा है.
इसी परीक्षा से संबंधित गिरफ्तार एजेंट धर्मेद्र कुमार के पास से प्रारंभिक परीक्षा में सफल 08 अभ्यर्थियों के प्रवेश पत्र बरामद किए गए हैं. इस काण्ड में गिरफ्तार मुख्य एजेंट अभय तिवारी (FRO PT Roll no 24400147) का उक्त परीक्षा में चयन होना भी इस बात के सबूत हैं कि परीक्षा में घोटाले हुए हैं.
यहां तक कि गिरफ्तार एजेंट एवं कोचिंग संचालक संजीत कुमार के पास से भी FRO परीक्षा में धांधली से जुड़े साक्ष्य प्राप्त हुए हैं. जांच के दौरान उनके चचेरे एवं मौसेरे भाइयों (पंकज प्रसून एवं रितिक रोशन) के Mains परीक्षा में चयन तथा उनके स्वीकारोक्ति बयान से FRO परीक्षा में बाहर से उत्तर लिखवाए जाने/अनुचित माध्यम के उपयोग के संबंध में महत्वपूर्ण साक्ष्य प्राप्त हुए हैं.
CDR एवं मनी ट्रेल विश्लेषण से गिरफ्तार अभियुक्तों तथा चयनित अभ्यर्थियों के बीच संबंध स्थापित होने को सबूत मिले हैं.
विशेष रूप से ध्यान देनेवाली बात यह है कि यह परीक्षा दिनांक 29.06.2025 को, अर्थात् TDPL के नामांकन (काम मिलने के) 06.06.2025 के मात्र 23 दिन बाद संचालित हुई है. ऐसे में कंपनी, उसके लोगों और पास हुए अभ्यर्थियों के खिलाफ मिले सबूतों के आधार पर कोर्ट तय करेगा कि परीक्षा में धांधली की बात सही है कि नहीं.
इसके इतर, झारखंड CID की जांच में यह भी खुलासा हुआ है कि ACF-FRO परीक्षा में करीब 100 अभ्यर्थियों से पैसे लेकर उन्हें पास कराने की सेटिंग की गई थी और ओएमआर शीट में गड़बड़ी के मामले सामने आए थे.
जांच में ओएमआर शीट में छेड़छाड़, मुख्य परीक्षा की उत्तरपुस्तिकाएं परीक्षा केंद्र से बाहर लिखवाने, अभ्यर्थियों के अंक बढ़ाने और पैसे लेकर चयन कराने के साक्ष्य सामने आए. सीआईडी के अनुसार, एफआरओ की 350 से अधिक और एसीएफ की 150 से अधिक ओएमआर शीट में कथित छेड़छाड़ की गई थी. एफआरओ मुख्य परीक्षा में सफल 743 अभ्यर्थियों में से 119 के संपर्क में कोचिंग संचालक संजीत कुमार के होने की बात भी जांच में सामने आई. मुख्य एजेंट अभय तिवारी ने अपने अभ्यर्थियों को एफआरओ और एसीएफ की प्रारंभिक व मुख्य परीक्षा में पास कराने के लिए 40 लाख रुपये देने की बात स्वीकार की थी. इस मामले में कई आरोपियों की गिरफ्तारी हुई और सीआईडी ने अदालत में ओएमआर शीट, कॉल डिटेल रिकॉर्ड, मनी ट्रेल तथा आरोपियों के बयानों को साक्ष्य के रूप में रखा.
बता दें, FRO का पूरा नाम फॉरेस्ट रेंज ऑफिसर होता है. एक एफआरओ का मुख्य काम अपने क्षेत्र (रेंज) के जंगलों, वन्यजीवों और प्राकृतिक संसाधनों की सुरक्षा और प्रबंधन करना होता है.
इसके तहत जंगल में पेड़ों की अवैध कटाई को रोकना, जानवरों के अवैध शिकार और व्यापार को रोकना, वन कानूनों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ प्रारंभिक अपराध रिपोर्ट (POR) दर्ज करना, मामलों की जांच करना और कोर्ट में आरोप पत्र दाखिल करना, जैसे महत्वपूर्ण काम शामिल है.
Also Read : घोटाला परीक्षा-दर-परीक्षा भाग-1: 14वीं जेपीएससी में गड़बड़ी की बात पक्की, क्या कोर्ट से रद्द होगी परीक्षा?


