खूँटी. आगामी छठ महापर्व और 15 नवंबर को भगवान बिरसा मुंडा की जयंती के अवसर पर उलिहातू में मुख्यमंत्री एवं राज्यपाल के प्रस्तावित आगमन को लेकर खूँटी पुलिस ने सुरक्षा तैयारियां तेज कर दी हैं. गुरुवार को पुलिस अधीक्षक की अध्यक्षता में आयोजित अपराध गोष्ठी में विधि-व्यवस्था, अपराध नियंत्रण और सुरक्षा व्यवस्था की समीक्षा की गई. इस दौरान सभी थाना प्रभारियों और संबंधित पुलिस पदाधिकारियों को कई अहम निर्देश दिए गए.
छठ महापर्व को देखते हुए सभी थाना प्रभारियों को अपने-अपने क्षेत्र के छठ घाटों का निरीक्षण कर सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित करने को कहा गया. घाटों के आसपास खुले और क्षतिग्रस्त बिजली के तारों की मरम्मत कराने के लिए संबंधित विभाग से समन्वय स्थापित करने का निर्देश दिया गया. श्रद्धालुओं, विशेषकर महिलाओं की सुविधा के लिए सुरक्षित और पर्दायुक्त अस्थायी चेंजिंग रूम बनाने को कहा गया. इसके अलावा स्थानीय गोताखोरों की तैनाती और बचाव कार्य के लिए 10 से 12 फीट लंबे बांस के डंडे उपलब्ध रखने का निर्देश दिया गया.
वाहनों की पार्किंग समतल और सुरक्षित स्थानों पर कराने को कहा गया, ताकि वाहन लुढ़ककर तालाब या श्रद्धालुओं की ओर न पहुंचें. घाटों तक श्रद्धालुओं के सुरक्षित आवागमन के लिए यातायात व्यवस्था दुरुस्त रखने पर भी जोर दिया गया.
अफीम की खेती और अवैध खनन पर नजर
अपराध गोष्ठी में अफीम की अवैध खेती और अवैध खनन पर भी सख्ती बरतने का निर्देश दिया गया. अफीम की खेती के पूर्व चिह्नित हॉटस्पॉट और खेतों की नियमित निगरानी करने तथा अवैध खनन के खिलाफ प्रभावी कार्रवाई करने को कहा गया.
मानव तस्करी की रोकथाम और युवक-युवतियों की सुरक्षा के लिए काम की तलाश में दूसरे राज्यों या क्षेत्रों में जाने वालों का पंचायतवार विवरण रजिस्टर में दर्ज किया जाएगा. इसके लिए बीटवार पुलिस पदाधिकारियों को जिम्मेदारी सौंपी जाएगी. विवरण नियमित रूप से अपडेट रखने का निर्देश दिया गया.
लंबित मामलों के अनुसंधान और सड़क सुरक्षा पर जोर
लंबित कांडों के निष्पादन में तेजी लाने के साथ 60 और 90 दिनों की निर्धारित समय-सीमा वाले मामलों में समय पर अनुसंधान पूरा करने को कहा गया. केस डायरी की गुणवत्ता सुधारने और न्यायालय में समय पर गवाही सुनिश्चित करने का निर्देश दिया गया. सड़क दुर्घटनाओं पर अंकुश लगाने के लिए दुर्घटना संभावित स्थलों और ब्लैक स्पॉट की पहचान कर निरोधात्मक उपाय करने को कहा गया. नाबालिगों से जुड़े मामलों में संवेदनशीलता के साथ त्वरित और विधिसम्मत कार्रवाई पर भी जोर दिया गया.
इसके अलावा थानों में जब्त और लावारिस पड़े वाहनों की समीक्षा कर नियमानुसार नीलामी या निस्तारण की प्रक्रिया शुरू करने को कहा गया. निष्पादित एनडीपीएस मामलों में जब्त मादक पदार्थों के विधिसम्मत विनष्टीकरण और जमानत पर बाहर आए आरोपितों के सत्यापन एवं निगरानी का निर्देश भी दिया गया.
पुलिस अधीक्षक ने सभी पदाधिकारियों को निर्देशों का गंभीरता से पालन करने और जनसुरक्षा, अपराध नियंत्रण, गुणवत्तापूर्ण अनुसंधान तथा प्रभावी अभियोजन को प्राथमिकता देने को कहा.
Also Read : झारखंड: छठ पर रांची की ट्रैफिक व्यवस्था में बदलाव, 15 नवंबर को कई प्रमुख सड़कें रहेंगी बंद


