खूंटी। झारखंड की जनजातीय संस्कृति, पारंपरिक ज्ञान और प्रकृति संरक्षण को बढ़ावा देने के उद्देश्य से खूंटी जिले के कपारिया गांव (हुटार) में 14 से 21 नवंबर तक महुआ फेस्टिवल 2026 का आयोजन किया जाएगा. नागालैंड के प्रसिद्ध हॉर्नबिल फेस्टिवल से प्रेरित इस आयोजन का उद्देश्य झारखंड के विभिन्न जनजातीय समुदायों को एक साझा मंच उपलब्ध कराना है, जहां वे अपनी संस्कृति, भाषा, कला, परंपराओं और पारंपरिक ज्ञान का प्रदर्शन कर सकें.
महोत्सव में जनजातीय लोकगीत, लोकनृत्य, पारंपरिक व्यंजन, मड़ुआ और अन्य मोटे अनाज से बने खाद्य पदार्थ, महुआ आधारित उत्पाद, स्थानीय हस्तशिल्प, पारंपरिक कृषि पद्धतियों, बीज संरक्षण और वनोपज से जुड़ी गतिविधियों को प्रदर्शित करने की योजना है. आयोजकों के मुताबिक, यह आयोजन केवल सांस्कृतिक उत्सव तक सीमित नहीं रहेगा, बल्कि जनजातीय समुदायों के पारंपरिक ज्ञान को नई पीढ़ी तक पहुंचाने का मंच भी बनेगा.
महोत्सव की अवधारणा ‘जंगल ही हमारी पाठशाला, गांव ही हमारा विश्वविद्यालय’ पर आधारित है. इसके तहत बुजुर्गों के पारंपरिक अनुभव, जंगलों से जुड़ा स्थानीय ज्ञान और खेती-किसानी की पुरानी पद्धतियों को सामने लाया जाएगा. जल, जंगल, जमीन, हवा और आकाश के आपसी संबंधों के माध्यम से प्रकृति संरक्षण का संदेश भी दिया जाएगा.
कपारिया गांव को मॉडल विलेज बनाने की पहल
महुआ फेस्टिवल के साथ कपारिया गांव को ‘कपिला वास्तु मॉडल विलेज’ के रूप में विकसित करने की परिकल्पना भी सामने रखी गई है. इसके तहत ग्रामसभा, सरकारी योजनाओं, स्वयंसेवी संस्थाओं, शैक्षणिक संस्थानों और तकनीकी विशेषज्ञों के सहयोग से जल संरक्षण, जैविक एवं पुनर्योजी कृषि, स्वच्छ ऊर्जा, शिक्षा, स्वास्थ्य, महिला सशक्तिकरण और ग्रामीण उद्यमिता को बढ़ावा देने का लक्ष्य रखा गया है.
इस पहल के तहत Adinivaas डिजिटल प्लेटफॉर्म और Mandieddpa Farm-to-Fork Café Chain के माध्यम से ग्रामीण उत्पादकों को शहरी बाजारों से जोड़ने की योजना है. इसके जरिए किसान, महिला स्वयं सहायता समूह, कारीगर और वनोपज उत्पादक अपने उत्पाद ग्राहकों तक पहुंचा सकेंगे. आयोजकों का कहना है कि इससे स्थानीय उत्पादों का मूल्य संवर्धन, ग्रामीण रोजगार और गांव की अर्थव्यवस्था को मजबूती मिल सकती है.
महोत्सव के लिए जनजातीय समुदायों, किसानों, कलाकारों, युवाओं, महिलाओं, शोधकर्ताओं, शिक्षकों और पर्यावरणविदों को आमंत्रित किया गया है.
Also Read : झारखंड : रोजगार के लिए गए थे बिहार : बनाए गए बंधक, हेमंत सोरेन के हस्तक्षेप के बाद हुई घर वापसी


