रांची। झारखंड के पूर्व मुख्यमंत्री और पूर्व केंद्रीय मंत्री अर्जुन मुंडा के सुरक्षा काफिले में शामिल एक वाहन शुक्रवार को सड़क दुर्घटना का शिकार हो गया. खूंटी से जमशेदपुर जाने के दौरान एनएच-33 पर चौका के समीप यह हादसा हुआ. हालांकि, दुर्घटना में अर्जुन मुंडा और उनके साथ चल रहे सभी सुरक्षाकर्मी सुरक्षित हैं. किसी के घायल होने की सूचना नहीं है.
अर्जुन मुंडा ने खुद सोशल मीडिया के माध्यम से इसकी जानकारी दी. उन्होंने बताया कि सुरक्षा काफिले में शामिल एक वाहन दुर्घटनाग्रस्त हो गया. उन्होंने ईश्वर का आभार जताते हुए कहा कि उन्हें और उनकी सुरक्षा में तैनात किसी भी जवान को कोई नुकसान नहीं पहुंचा है.
सरकारी वाहनों की स्थिति पर उठाए सवाल
हादसे के बाद अर्जुन मुंडा ने राज्य सरकार की ओर से सुरक्षा व्यवस्था के लिए उपलब्ध कराए जा रहे वाहनों की स्थिति पर सवाल उठाए हैं. उन्होंने कहा कि सरकारी वाहनों की हालत बेहद खराब है. यह केवल उनकी व्यक्तिगत सुरक्षा का मामला नहीं है, बल्कि दिन-रात ड्यूटी करने वाले सुरक्षाकर्मियों के जीवन से भी जुड़ा गंभीर विषय है.
लोगों से की चिंता नहीं करने की अपील
पूर्व मुख्यमंत्री ने अपने समर्थकों और शुभचिंतकों से चिंता नहीं करने की अपील की है. उन्होंने कहा कि वह और उनके साथ चल रहे सभी सुरक्षाकर्मी पूरी तरह सुरक्षित हैं. उन्होंने लोगों के स्नेह, विश्वास और आशीर्वाद को अपनी ताकत बताते हुए इसे बनाए रखने की अपील की.
Also Read : Breaking रांची-कर्रा रोड पर भीषण सड़क हादसा, सात लोगों के मौत की सूचना, कई घायल


