जोहार लाइव ब्यूरो
झारखंड में अपराधियों के हौसले किस कदर बुलंद हैं, इसकी प्रत्यक्ष प्रमाण गिरिडीह के धनवार में देखने को मिली. एक ओर मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन का कार्यक्रम चल रहा था, तो दूसरी ओर अपराधियों ने दिनदहाड़े यूको बैंक में बड़ी डकैती की वारदात को अंजाम दे दिया. दो बाइक पर सवार पांच हथियारबंद अपराधियों ने बैंक में घुसकर करीब 20 मिनट तक उत्पात मचाया और करोड़ों रुपये के सोने के जेवरात के साथ लाखों रुपये नकद लूटकर फरार हो गए.
घटना गुरुवार दोपहर करीब पौने तीन बजे की बताई जा रही है. अपराधियों ने बैंक के लॉकर में रखे करीब 3 से 4 करोड़ रुपये मूल्य के सोने के जेवरात और 10 से 12 लाख रुपये नकद लूट लिए. दिनदहाड़े हुई इस बड़ी वारदात के बाद धनवार बाजार में दहशत का माहौल है.
बैंक प्रबंधक के अनुसार, पांचों अपराधियों ने बैंक के अंदर करीब 20 मिनट तक जमकर उत्पात मचाया. इस दौरान हथियार के बल पर बैंककर्मियों और ग्राहकों को डराया-धमकाया गया. अपराधियों ने सभी को अपने नियंत्रण में लेकर लॉकर में रखे सोने के जेवरात और नकदी अपने कब्जे में कर ली. लूट की वारदात को अंजाम देने के बाद सभी अपराधी मौके से फरार हो गए.
इस घटना की सबसे चौंकाने वाली बात यह है कि यूको बैंक धनवार थाना से महज 200 मीटर की दूरी पर स्थित है. थाने के इतने करीब दिनदहाड़े पांच हथियारबंद अपराधियों ने करीब 20 मिनट तक लूटपाट की और आसानी से फरार हो गए. इस घटना ने इलाके की सुरक्षा व्यवस्था और पुलिस की सतर्कता पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं.
बताया जा रहा है कि बैंक में लगे सीसीटीवी कैमरों में अपराधियों के चेहरे स्पष्ट रूप से दिखाई नहीं दे रहे हैं. ऐसे में अपराधियों की पहचान करना पुलिस के लिए चुनौती बन सकता है. फिलहाल इस बड़ी लूट के बाद पुलिस के सामने अपराधियों की पहचान कर उनकी जल्द गिरफ्तारी करने की चुनौती है.
इस मामले में जोहार लाइव ने धनवार थाना प्रभारी ब्रजेश कुमार से उनके मोबाइल नंबर पर कई बार संपर्क कर घटना के संबंध में जानकारी और उनका पक्ष जानने का प्रयास किया, लेकिन उनकी ओर से फोन रिसीव नहीं किया गया. पुलिस का आधिकारिक पक्ष सामने आने पर उसे भी खबर में शामिल किया जाएगा.
Also Read : बिहार में खपाने जा रही थी शराब की बड़ी खेप, हजारीबाग पुलिस ने दो तस्करों को दबोचा


