नवरात्रि के नौवें दिन (महानवमी) को मां दुर्गा के नौवें स्वरूप मां सिद्धिदात्री की विधि-विधान से पूजा की जाती है. धार्मिक मान्यताओं के अनुसार, मां सिद्धिदात्री की आराधना से भक्तों को सिद्धियों, सुख और समृद्धि का आशीर्वाद मिलता है. महानवमी पर मां की पूजा के साथ हवन और कन्या पूजन का भी विशेष महत्व है.
मां सिद्धिदात्री का स्वरूप और महत्व
मां सिद्धिदात्री को नवदुर्गा का नौवां स्वरूप माना जाता है. धार्मिक मान्यताओं के अनुसार, मां अपने भक्तों को आठ सिद्धियां प्रदान करती हैं. उनकी चार भुजाएं हैं और वे कमल के आसन पर विराजमान रहती हैं. उनके हाथों में शंख, चक्र, गदा और कमल सुशोभित होते हैं.
पौराणिक मान्यता के अनुसार, भगवान शिव ने भी मां सिद्धिदात्री की आराधना से सिद्धियां प्राप्त की थीं. मां सिद्धिदात्री की पूजा को ज्ञान, विवेक और आध्यात्मिक उन्नति से जोड़कर देखा जाता है. महानवमी पर भक्त मां की आराधना कर परिवार की सुख-शांति और समृद्धि की कामना करते हैं.

मां सिद्धिदात्री पूजा विधि
- स्नान और संकल्प: सुबह जल्दी उठकर स्नान करें और स्वच्छ वस्त्र पहनें. इसके बाद मां का ध्यान कर व्रत और पूजा का संकल्प लें.
- मूर्ति स्थापना और ध्यान: पूजा स्थल पर चौकी बिछाकर मां सिद्धिदात्री की प्रतिमा या तस्वीर स्थापित करें. दीपक जलाकर मां का ध्यान करें.
- पूजन: मां को जल, अक्षत, रोली, चंदन, धूप, दीप और फूल अर्पित करें. इसके बाद मां के सामने हाथ जोड़कर अपनी मनोकामनाओं की पूर्ति की प्रार्थना करें.
- भोग और प्रसाद: मां सिद्धिदात्री को फल, मिठाई, नारियल और हलवा-पूड़ी का भोग लगाएं. कई परिवारों में महानवमी पर काले चने, पूड़ी और हलवा बनाकर कन्याओं को भोजन कराने की परंपरा है.
- मंत्र जाप: धूप-दीप जलाकर मां सिद्धिदात्री के मंत्रों का जाप करें. इसके बाद दुर्गा चालीसा या दुर्गा सप्तशती का पाठ करें.
- हवन, आरती और कन्या पूजन: पूजा के अंत में मां की आरती उतारें. परंपरा के अनुसार हवन और कन्या पूजन कर नवरात्रि के अनुष्ठान पूरे करें.
मां सिद्धिदात्री के प्रमुख मंत्र
ध्यान मंत्र:
वन्दे वाञ्छितमनोरथार्थचन्द्रार्धकृतशेखराम्.
कमलस्थितां चतुर्भुजां सिद्धिदात्री यशस्विनीम्॥
मंत्र:
ॐ देवी सिद्धिदात्र्यै नमः॥
प्रार्थना मंत्र:
सिद्धगन्धर्वयक्षाद्यैरसुरैरमरैरपि.
सेव्यमाना सदा भूयात् सिद्धिदा सिद्धिदायिनी॥
मां सिद्धिदात्री की आरती
जय सिद्धिदात्री मां, तू सिद्धि की दाता.
तू भक्तों की रक्षक, तू दासों की माता.
तेरा नाम लेते ही मिलती है सिद्धि.
तेरे नाम से मन की होती है शुद्धि.
कठिन काम सिद्ध करती हो तुम.
जब भी हाथ सेवक के सिर धरती हो तुम.
तेरी पूजा में तो ना कोई विधि है.
तू जगदंबे दाती, तू सर्वसिद्धि है.
तुम्हारी दया और तुम्हारी यह माया.
रखे जिसके सिर पर मैया अपनी छाया.
जय सिद्धिदात्री मां, तू सिद्धि की दाता.
तू भक्तों की रक्षक, तू दासों की माता.
Also Read : महाअष्टमी पर मां महागौरी की पूजा से पूरी होती हैं मनोकामनाएं, जानें पूजन विधि, मंत्र और आरती


