राष्ट्रपिता महात्मा गांधी की जयंती पर 2 अक्टूबर को मोरहाबादी स्थित बापू वाटिका पहुंचकर राज्यपाल संतोष कुमार गंगवार एवं मुख्यमंत्री हेमन्त सोरेन ने राष्ट्रपिता की प्रतिमा पर माल्यार्पण किया और उन्हें भावपूर्ण श्रद्धांजलि अर्पित की.
मौके पर मुख्यमंत्री हेमन्त सोरेन ने कहा कि आज का ये शुभ अवसर भारत के इतिहास का एक ऐसा दिन है कि जबतक ये देश रहेगा इस दिन को कभी भुलाया नहीं जा सकता है. उन्होंने कहा कि आज देश के दो महान विभूतियों महात्मा गांधी और पूर्व प्रधानमंत्री लाल बहादुर शास्त्री का जयंती है. हर वर्ष की भांति इस वर्ष भी हम सभी लोग यहां एकत्रित होकर उन्हें श्रद्धासुमन अर्पित कर रहे हैं.
मुख्यमंत्री ने कहा कि भारत का दुनिया में एक अलग इतिहास रहा है, जहां ऐसे महान विभूतियों ने जन्म लेकर इस देश का मार्गदर्शन किया. आज उनके आदर्शों को कंधे में लेकर हम आगे बढ़ रहे हैं. हमें गर्व है कि ऐसे महान विभूति हमारे बीच रहे और हमेशा वे हमारे दिल में रहेंगे.
बापू का विचार यूगों तक मानवता का मार्गदर्शन करेगा
मुख्यमंत्री हेमन्त सोरेन ने अपने संदेश में कहा कि बापू के विचार और उनका जीवन दर्शन युगों-युगों तक मानवता का मार्गदर्शन करता रहेगा. राज्य सरकार बापू के सिद्धांतों को आत्मसात करते हुए समाज के अंतिम पायदान पर खड़े व्यक्ति के कल्याण और सर्वांगीण विकास के लिए पूरी निष्ठा के साथ संकल्पित है.
मौके पर सांसद संजय सेठ, राज्य सभा सांसद महुआ माजी, विधायक कल्पना सोरेन सहित अन्य गणमान्य अतिथिगण, प्रशासनिक अधिकारियों ने भी राष्ट्रपिता महात्मा गांधी को नमन किया.


