रांची के बड़गाईं अंचल की 8.86 एकड़ जमीन से जुड़े मनी लॉन्ड्रिंग मामले में 21 सितंबर को रांची की विशेष PMLA अदालत में अहम सुनवाई होगी. अदालत मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन के खिलाफ आरोप तय करने की प्रक्रिया पर सुनवाई करेगी. कोर्ट ने उन्हें शाम 4 बजे तक पेश होने का निर्देश दिया है. हेमंत सोरेन वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए अदालत में पेश होंगे.
इस मामले में अब तक 16 आरोपियों के खिलाफ आरोप तय किए जा चुके हैं. अब हेमंत सोरेन के खिलाफ आरोप तय करने की प्रक्रिया बाकी है. इसी को लेकर सोमवार की सुनवाई को अहम माना जा रहा है.
क्या है बड़गाईं जमीन मामला?
मामला रांची के बड़गाईं अंचल की 8.86 एकड़ जमीन से जुड़ा है. प्रवर्तन निदेशालय यानी ED इस मामले में मनी लॉन्ड्रिंग के आरोपों की जांच कर रहा है. जांच के दौरान हेमंत सोरेन को भी आरोपी बनाया गया है.
ईडी का आरोप है कि इस जमीन के स्वामित्व और रिकॉर्ड में हेरफेर की गई. जांच एजेंसी के मुताबिक, जमीन पर कब्जे को सही दिखाने और उसके हस्तांतरण का रास्ता साफ करने के लिए कथित तौर पर फर्जी दस्तावेज तैयार किए गए. राजस्व रिकॉर्ड में भी बदलाव किए जाने का आरोप है.
ईडी का दावा है कि जमीन से जुड़े इस पूरे मामले में अवैध कब्जे को वैध रूप देने की कोशिश की गई. इसी आधार पर मनी लॉन्ड्रिंग के एंगल से जांच आगे बढ़ाई गई है.
Also Read : जोहार लाइव पड़ताल : खनिज संपदा भरपूर, फिर भी निवेश रैंकिंग में नीचे से दूसरा: आखिर कहां पिछड़ा झारखंड?

