आनंद दत्त/किसलय शानू
14वीं जेपीएससी पीटी परीक्षा में 11 छात्रों ने पैसा देकर पीटी पास किया था. इस बात का खुलासा पूरे केस के मास्टरमाइंड अभय तिवारी के सबसे करीबी और होटल व्यवसाय के कारोबार में पार्टनर उमेश कुमार ने किया है. उमेश कुमार अभय तिवारी के शुरुआती दिनों का दोस्त है. इसके साथ ही अभय तिवारी ने सबसे पहले होटल का कारोबार शुरू किया था.
सीआइडी के सामने पूछताछ के दौरान अभय तिवारी ने जिन बातों के बारे में जानकारी नहीं दी थी. उमेश कुमार ने सीआइडी के सामने पूछताछ के दौरान अभय तिवारी के द्वारा छिपाये गये पूरी बातों को बता दिया है. उमेश ने अपने बयान में सबसे बड़ा खुलासा यह किया है कि 11 छात्रों ने पैसा देकर पीटी पास किया था. मैंने सिर्फ छात्रों का सर्टिफिकेट लेकर अपने पास रख लिया था, जबकि पैसा अभय तिवारी को अभय तिवारी के साले सौरभ के माध्यम से भेज दिया गया था.
इस घटना के बाद उमेश कुमार ने 11 छात्रों का ओएमआर शीट टीडीपीएल कंपनी के निदेशक रामबीर को दिया था. जब रिजल्ट आया, तब सभी छात्र पास भी हो गये. उल्लेखनीय है कि इसके पूर्व के बयान में कई आरोपियों ने छात्रों से पैसा वसूली, 100 छात्रों के पीटी पास होने बात सहित अन्य जानकारी दी थी. लेकिन किसी छात्र के नाम और रॉल नंबर के साथ यह खुलासा नहीं किया था, कितने छात्र पैसे के बल पर जेपीएससी का पीटी पास किया था.
अभय तिवारी अपने पार्टनर को देता प्रति कैंडिडेट पांच लाख रुपये
उमेश कुमार ने सीआइडी को अपने स्वीकारोक्ति बयान में बताया है कि मैं अभय तिवारी और अभय के साला सौरभ तिवारी के साथ मिलकर पूर्व में आयोजित परीक्षाओं में परीक्षार्थियों को पास कराने का काम किया हूं. जनवरी 2026 में ही अभय ने मुझे बताया था कि 14वीं जेपीएससी में अभ्यर्थियों का सेटिंग से चयन होने वाला है. इसलिए एजेंट से पैसा और सर्टिफिकेट लेकर मुझे दे देना. आगे का काम मैं एजेंसी के साथ मिलकर करूंगा.
उमेश कुमार ने आगे बताया है अभय खुद ही विभिन्न परीक्षाओं में सेटिंग करके पास हो चुका है. उसकी पहुंच जेपीएससी और टीडीपीएल से थी. अभय ने पूरे मामले में यह भी बताया था जेपीएससी परीक्षा में सफल होने के लिए जनरल से एक करोड़ और और एससी- एसटी से 80 लाख लिये जा रहे हैं. पीटी पास कराने के लिए सर्टिफिकेट जमा करने के साथ- साथ 10 लाख रुपये देने होंगे. उमेश कुमार को प्रति कैंडिडेट पांच लाख मिलते. लेकिन आरंभ में उमेश कुमार को सिर्फ खर्च के लिए ही कुछ पैसे मिले थे.
ये भी पढ़ें : जोहार लाइव एक्सक्लूसिवः एल ख्यांगते और अजीता भट्टाचार्य ने बेच दिया झारखंड से बाहर के लोगों को सीडीपीओ का सीट
अभय तिवारी की गिरफ्तारी के बाद उमेश ने मोबाइल तोड़कर फेंक दिया नदी में और दर्शन करने चला गया बनारस
उमेश ने आगे पूछताछ में बताया है कि अभय तिवारी की गिरफ्तारी के बाद मैं मोबाइल तोड़कर नदी में फेंक दिया था और पत्नी के साथ ससुराल सोनभद्र चला गया था. यहां से दूसरे दिन मैं अपने साले के साथ बनारस काशी विश्वनाथ दर्शन करने चला गया. इस दौरान मैं अपने साले के मोबाइल के माध्यम से अन्य लोगों से संपर्क कर पूरे मामले में एजेंट के जरिये जानकारी लेता था.

उमेश के दावे में इनलोगों ने पैसा देकर पास किया था पीटी परीक्षा
नाम – रोल नंबर
कपील कुमार महतो – 2601181950
संतोष कुमार – 2601170518
वंदना कुमारी – 2601216843
दिलीप कुमार राणा – 2601101092
ओम प्रकाश राणा – 2601102299
शिवम सिंह – 2601175604
पवन कुमार मुंडा – 2601254143
रॉकी सचिन लकड़ा – 2601258672
मनोज कुमार – 2601279289
रौशन केरकेट्टा – 2601149170
उमाकांत उरांव – 2601255984


