राहुल गांधी एक बार फिर हिमंत बिस्वा सरमा के निशाने पर आ गए हैं। असम के मुख्यमंत्री ने कांग्रेस नेता को सीधे ‘पागल’ कह डाला और साथ ही चुनौती दी कि अगर सच में महिलाओं की बराबरी चाहिए तो यूनिफॉर्म सिविल कोड यानी UCC का समर्थन करें।
मामला पुणे से जुड़ा है, जहां राहुल गांधी अपने ‘छात्रों की गूंज’ कार्यक्रम में छात्राओं के बीच मनुस्मृति पर बोल रहे थे। उन्होंने कहा कि महिलाओं को दबाने की सोच मनुस्मृति से ही निकलती है और उनकी लड़ाई इसी मानसिकता के खिलाफ है। बस यहीं से सरमा भड़क गए। सोशल मीडिया पर पलटवार करते हुए उन्होंने राहुल को ‘पागल’ बताया, जो कुछ दिन शोर मचाते हैं, चुनाव हारते हैं और फिर विदेश निकल जाते हैं। साथ ही सवाल दागा कि अगर राहुल सच में महिलाओं की बात करते हैं तो कांग्रेस UCC का समर्थन क्यों नहीं करती।
सरमा यहीं नहीं रुके, शाह बानो मामले का हवाला देकर कांग्रेस पर महिलाओं के साथ पुराना विश्वासघात करने का आरोप जड़ दिया और कर्नाटक की कांग्रेस सरकार में महिला मंत्रियों की कम संख्या पर भी सवाल खड़े किए। राहुल पर तीखे हमले करना सरमा की पुरानी राजनीतिक शैली रही है, संसद के मानसून सत्र में भी दोनों पक्षों के बीच तीखी बहस देखने को मिली थी, जब पेपर लीक मुद्दे और 20 जुलाई की घटना पर राहुल ने सरकार को सीधे कठघरे में खड़ा किया था।
Also Read:झारखंड : MMDR बिल पर रघुवर दास ने सरकार को घेरा, कहा- ओडिशा 7,000 करोड़ कमा रहा, झारखंड क्यों पीछे?


