पाकुड़ पुलिस ने लिट्टीपाड़ा थाना क्षेत्र में महिला और उसकी पुत्री की निर्मम हत्या के मामले का महज 12 घंटे के भीतर खुलासा करने का दावा किया है. पुलिस ने मामले में एक आरोपी को गिरफ्तार कर हत्या में इस्तेमाल किया गया खून लगा चाकू, टी-शर्ट और बरसाती बरामद की है.
पुलिस के अनुसार, 5 और 6 अगस्त की दरम्यानी रात करीब 12 बजे लिट्टीपाड़ा थाना क्षेत्र के झेनागड़िया गांव में एक महिला और उसकी पुत्री की धारदार हथियार से गला रेतकर हत्या कर दी गई थी. घटना के संबंध में लिट्टीपाड़ा थाना कांड संख्या 45/26, दिनांक 6 अगस्त 2026, धारा 103(1) बीएनएस के तहत मामला दर्ज किया गया.
मानवीय आधार पर ताबड़तोड़ छापेमारी, 12 घंटे के भीतर आरोपी गिरफ्तार
घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक अनुदीप सिंह के निर्देश पर अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी, पाकुड़ के नेतृत्व में विशेष अनुसंधान दल (SIT) का गठन किया गया. टीम ने घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए, तकनीकी और मानवीय सूचना के आधार पर लगातार छापेमारी की.
जांच के दौरान पुलिस ने घटना के लगभग 12 घंटे के भीतर झेनागड़िया निवासी अबरास अंसारी उर्फ अबरास मोमिन (28) को गिरफ्तार कर लिया. पुलिस का कहना है कि पूछताछ में आरोपी ने हत्या में अपनी संलिप्तता स्वीकार की है.
आरोपी की निशानदेही पर पुलिस ने हत्या में प्रयुक्त खून लगा चाकू, घटना के समय पहनी गई खून लगी टी-शर्ट और बरसाती जब्त की है. गिरफ्तार आरोपी को न्यायिक हिरासत में भेजने की प्रक्रिया जारी है.
आरोपी का आपराधिक रिकॉर्ड
पुलिस के अनुसार, आरोपी के खिलाफ वर्ष 2020 में लिट्टीपाड़ा थाना में हत्या के प्रयास सहित विभिन्न धाराओं में एक मामला दर्ज है.

इस मामले की जांच अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी, पाकुड़ के नेतृत्व में गठित एसआईटी ने की. टीम में पाकुड़ नगर, लिट्टीपाड़ा और हिरणपुर थाना के प्रभारी समेत तकनीकी शाखा एवं सशस्त्र बल के जवान शामिल थे.
Also Read: झारखंड पुलिस को फिर मिली बड़ी सफलता, 10 लाख का ईनामी सालूका, पिंकी समेत तीन माओवादी ने किया सरेंडर



