रांची: नामकुम थाना क्षेत्र में पुलिस ने ब्राउन शुगर बेचने वाले एक गिरोह का खुलासा किया है. पुलिस ने इस मामले में छह युवकों को गिरफ्तार किया है. इनके पास से 26 पुड़िया ब्राउन शुगर, छह मोबाइल फोन और 7,470 रुपये नकद बरामद हुए हैं. बरामद ब्राउन शुगर का कुल वजन 7.47 ग्राम है.
मदरसा के पीछे अर्धनिर्मित भवन में चल रहा था कारोबार
पुलिस को सूचना मिली थी कि मौलाना आजाद कॉलोनी में मदरसा के पीछे बने अर्धनिर्मित रांची अंजुमन इस्लामिया भवन में कुछ युवक ब्राउन शुगर की खरीद-बिक्री कर रहे हैं. सूचना के बाद पुलिस ने छापेमारी के लिए टीम बनाई. टीम ने मौके पर पहुंचकर भवन की घेराबंदी की. पुलिस को देखते ही वहां बैठे छह युवक भागने लगे, लेकिन जवानों ने पीछा कर सभी को पकड़ लिया.
पकड़े गए युवकों की पहचान मो. अरबाज अंसारी, अली खान, मो. अरबाज, मो. फैजान रजा उर्फ सोनू, मो. सोयेब खान और सेराजुद्दीन अंसारी के रूप में हुई है. सभी रांची जिले के रहने वाले हैं.
12 ग्राम ब्राउन शुगर लेकर आए थे, 14 पुड़िया बेच चुके थे
तलाशी के दौरान सभी के पास से कुल 26 पुड़िया ब्राउन शुगर मिली. इसके अलावा छह मोबाइल फोन और 7,470 रुपये नकद भी बरामद हुए. पूछताछ में आरोपियों ने पुलिस को बताया कि वे करीब 12 ग्राम ब्राउन शुगर की 40 पुड़िया लेकर आए थे. इनमें से 14 पुड़िया पहले ही ग्राहकों को बेच चुके थे. पुलिस के मुताबिक, बरामद रुपये ब्राउन शुगर बेचकर मिले पैसे हैं.
पुलिस का कहना है कि सभी आरोपी मिलकर एक गिरोह के रूप में काम कर रहे थे और ब्राउन शुगर बेचकर ज्यादा मुनाफा कमाना चाहते थे. पुलिस ने ब्राउन शुगर सप्लाई करने वाले व्यक्ति की पहचान कर ली है. उसकी गिरफ्तारी के लिए छापेमारी की जा रही है. साथ ही गिरफ्तार आरोपियों के पुराने आपराधिक रिकॉर्ड की भी जांच की जा रही है.
इस कार्रवाई में वरीय पुलिस उपाधीक्षक अमर कुमार पांडेय, नामकुम थाना प्रभारी रामनारायण सिंह समेत पुलिस पदाधिकारी और थाना बल के जवान शामिल थे.

