रांची। राजधानी रांची में कानून-व्यवस्था को और अधिक प्रभावी एवं जवाबदेह बनाने की दिशा में पुलिस प्रशासन ने बड़ा निर्णय लिया है. अब शहर में तैनात टाइगर मोबाइल जवानों का संचालन और नियंत्रण सीधे संबंधित थाना प्रभारी के हाथों में होगा. थाना प्रभारी ही अब टाइगर मोबाइल जवानों की ड्यूटी तय करेंगे. इस संबंध में रांची के वरीय पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) राकेश रंजन ने स्पष्ट किया कि नई व्यवस्था का उद्देश्य पुलिसिंग को अधिक सक्रिय बनाना है.
एसएसपी ने कहा कि अब तक टाइगर मोबाइल की तैनाती सीसीआर डीएसपी के तहत संचालित होती थी, लेकिन नई व्यवस्था लागू होने के बाद संबंधित थाना क्षेत्र में कार्यरत टाइगर मोबाइल टीम उसी थाना प्रभारी के निर्देशों के अनुसार काम करेगा. पूर्व में हुए अपराध समीक्षा बैठक के दौरान यह आदेश दिया गया था. उन्होंने कहा कि इससे किसी भी आपराधिक घटना, विवाद, छिनतई, चोरी या अन्य कानून-व्यवस्था से जुड़े मामलों में तत्काल घटनास्थल पर भेजने में आसान होगा.
उन्होंने बताया कि थाना प्रभारी अपने क्षेत्र की परिस्थितियों और अपराध की प्रकृति को सबसे बेहतर तरीके से समझते हैं. ऐसे में यदि टाइगर मोबाइल उनके सीधे नियंत्रण में रहेगी तो अपराध नियंत्रण की रणनीति अधिक प्रभावी ढंग से लागू की जा सकेगी. वहीं, गश्ती व्यवस्था भी मजबूत होगी और संदिग्ध गतिविधियों पर त्वरित कार्रवाई संभव हो पायेगा.
श्री रंजन ने कहा कि इस व्यवस्था से थाना स्तर पर जवाबदेही भी तय होगी. अब टाइगर मोबाइल की ड्यूटी, गश्त, निगरानी और कार्रवाई की पूरी जिम्मेदारी संबंधित थाना प्रभारी की होगी. इससे पुलिस बल के बेहतर समन्वय के साथ-साथ आम लोगों को भी त्वरित पुलिस सहायता उपलब्ध कराई जा सकेगी. उन्होंने यह भी कहा कि राजधानी में अपराध नियंत्रण पुलिस की सर्वोच्च प्राथमिकता है. अपराधियों के खिलाफ लगातार अभियान चलाया जा रहा है और किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी. नई व्यवस्था से पुलिस बल की कार्यक्षमता बढ़ेगी और अपराधियों पर प्रभावी अंकुश लगाया जा सकेगा.
एसएसपी ने थाना प्रभारियों को दिए यह निर्देश
एसएसपी ने यह निर्देश दिया है कि वे टाइगर मोबाइल जवानों का अधिकतम उपयोग गश्त, संवेदनशील इलाकों की निगरानी, स्कूल-कॉलेजों के आसपास सुरक्षा व्यवस्था, बाजार क्षेत्रों में पेट्रोलिंग तथा आपातकालीन सूचना मिलने पर तत्काल कार्रवाई के लिए करें. उन्होंने कहा कि जनता की सुरक्षा और विश्वास बनाए रखना पुलिस की प्राथमिक जिम्मेदारी है और इस दिशा में हर आवश्यक कदम उठाया जाएगा. उन्होंने कहा कि नई व्यवस्था लागू होने के बाद थाना और टाइगर मोबाइल के बीच बेहतर तालमेल स्थापित होगा. इससे अपराध की रोकथाम, त्वरित कार्रवाई और आम नागरिकों की सुरक्षा व्यवस्था पहले से अधिक मजबूत होगी.

