रांची के नामकुम थाना क्षेत्र में पुलिस ने करीब 2.836 किलो अफीम के साथ दो लोगों को गिरफ्तार किया है. पुलिस का दावा है कि पूछताछ में दोनों ने बताया कि उन्होंने जंगल में अफीम उगाई थी और उसे बेचने के लिए बयानडीह बाजार आ रहे थे.
पुलिस के मुताबिक, एसएसपी को सूचना मिली थी कि रायसा मोड़ की ओर से दो लोग बाइक से अफीम लेकर आने वाले हैं. इसके बाद पुलिस ने रांची-टाटा रोड पर बयानडीह बाजार के पास घेराबंदी की.
कुछ देर बाद दो बाइक आती दिखीं. पुलिस ने रोकने का इशारा किया तो दोनों बाइक छोड़कर भागने लगे, लेकिन जवानों ने पीछा कर उन्हें पकड़ लिया.
गिरफ्तार लोगों की पहचान गोलगा मुण्डा और विजय मुण्डा के रूप में हुई है. तलाशी के दौरान उनकी बाइक पर टंगे झोले से 2.836 किलो अफीम बरामद हुई. पुलिस का कहना है कि दोनों इसके कोई वैध दस्तावेज नहीं दिखा सके.
पुलिस ने दोनों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट की विभिन्न धाराओं में मामला दर्ज किया है. साथ ही, इस मामले में शामिल अन्य लोगों की तलाश के लिए छापेमारी जारी है.
बरामद सामान:
– 2.836 किलो अफीम
– दो मोटरसाइकिल
– दो मोबाइल फोन
पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार आरोपी गोलगा मुण्डा के खिलाफ पहले से भी एक आपराधिक मामला दर्ज है.
Also Read : दुमका पुलिस का ऑपरेशन सफल, ब्राउन शुगर के साथ तीन आरोपी दबोचे गए

