अयोध्या में बन रही फिल्म ‘श्री रामभूमि’ को लेकर चर्चाएं लगातार तेज हो रही हैं. इसी बीच अभिनेता अनुपम खेर ने अपनी भूमिका से पर्दा उठाकर फिल्म को लेकर उत्सुकता और बढ़ा दी है. अनुपम खेर ने लिखा कि अब जबकि उनके निभाए जा रहे किरदार की कुछ तस्वीरें मीडिया में आ चुकी हैं, इसलिए उन्हें लगा कि वह खुद ही अपने चाहने वालों को इस बारे में बता दें. अनुपम खेर ने इसे अपने अभिनय करियर की सबसे बड़ी जिम्मेदारियों में से एक बताते हुए कहा कि वह इस ऐतिहासिक किरदार को पूरी ईमानदारी और संवेदनशीलता के साथ पर्दे पर उतारने की कोशिश करेंगे.
अपने पोस्ट में अनुपम खेर ने अशोक सिंघल को याद करते हुए लिखा कि वह केवल एक नेता नहीं थे, बल्कि प्रभु श्रीराम के अनन्य सेवक थे. उन्होंने पूरी निष्ठा, दृढ़ संकल्प और समर्पण के साथ श्रीराम जन्मभूमि आंदोलन को दिशा दी. उनकी आस्था, संवेदनशीलता और अटूट विश्वास ने इस आंदोलन को नई ऊर्जा देने का काम किया.
‘पूरी ईमानदारी से निभाऊंगा यह जिम्मेदारी’
अनुपम खेर ने कहा कि ऐसे व्यक्तित्व को पर्दे पर जीवंत करना किसी भी कलाकार के लिए आसान नहीं है. यह उनके लिए सिर्फ एक किरदार नहीं, बल्कि एक बड़ी जिम्मेदारी है. अभिनेता ने कहा कि इतिहास के इतने महत्वपूर्ण व्यक्तित्व को ईमानदारी और संवेदनशीलता के साथ पर्दे पर उतारने की वह पूरी कोशिश करेंगे. उन्होंने भरोसा जताया कि वह अपने अभिनय के जरिए इस भूमिका के साथ न्याय करने का हर संभव प्रयास करेंगे.
अपनी पोस्ट के आखिर में अनुपम खेर ने लोगों से आशीर्वाद और शुभकामनाएं भी मांगीं. उन्होंने लिखा कि इस जिम्मेदारी को निभाने के लिए उन्हें सभी के सहयोग और आशीर्वाद की जरूरत होगी. पोस्ट का समापन उन्होंने ‘जय श्री राम’ के उद्घोष के साथ किया.
अनुपम खेर के इस खुलासे के बाद सोशल मीडिया पर उनके प्रशंसक लगातार उन्हें शुभकामनाएं दे रहे हैं. फिल्म को लेकर भी लोगों की उत्सुकता बढ़ गई है. अब दर्शकों की नजर इस बात पर रहेगी कि अनुपम खेर पर्दे पर अशोक सिंघल के व्यक्तित्व और उनके योगदान को किस तरह जीवंत करते हैं.

