Ranchi : अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के मौके पर सेंट्रल कोलफील्ड्स लिमिटेड (सीसीएल) की ओर से रांची के जवाहरनगर क्लब, कांके रोड में विशेष योग सत्र का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में सीसीएल के शीर्ष अधिकारियों से लेकर कर्मचारियों तक ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया और योग के जरिए स्वस्थ जीवनशैली अपनाने का संदेश दिया। योग सत्र में सीसीएल के सीएमडी निलेंदु कुमार सिंह, निदेशक (वित्त) पवन कुमार मिश्रा, निदेशक (मानव संसाधन) हर्ष नाथ मिश्र, निदेशक (तकनीकी/संचालन) चंद्र शेखर तिवारी, निदेशक (योजना एवं परियोजना) अनुप हंजुरा और मुख्य सतर्कता अधिकारी पंकज कुमार मौजूद रहे। इनके अलावा बड़ी संख्या में वरिष्ठ अधिकारी और कर्मचारी भी कार्यक्रम में शामिल हुए। कार्यक्रम के दौरान सभी प्रतिभागियों ने योगासन, प्राणायाम और विभिन्न योग क्रियाओं का अभ्यास किया। पूरे आयोजन में उत्साह और सकारात्मक ऊर्जा का माहौल देखने को मिला।
योगगुरु इंद्रजीत चटर्जी ने कराया अभ्यास
योग सत्र का संचालन प्रसिद्ध योगगुरु इंद्रजीत चटर्जी ने किया। उन्होंने प्रतिभागियों को कई आसान और उपयोगी योगासन सिखाए। साथ ही बताया कि नियमित योग करने से न केवल शरीर स्वस्थ रहता है, बल्कि मानसिक तनाव भी कम होता है और भावनात्मक संतुलन बनाए रखने में मदद मिलती है। उन्होंने कहा कि आज की भागदौड़ भरी जिंदगी में योग एक ऐसा माध्यम है जो व्यक्ति को शारीरिक और मानसिक रूप से मजबूत बनाता है। इसलिए हर व्यक्ति को अपने दैनिक जीवन में योग को शामिल करना चाहिए। अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर सीसीएल के गांधीनगर अस्पताल समेत कंपनी के सभी क्षेत्रों में भी विशेष योग सत्र आयोजित किए गए। इन कार्यक्रमों में क्षेत्रीय महाप्रबंधकों, श्रमिक संगठनों के प्रतिनिधियों, हितधारकों, कर्मचारियों और उनके परिवारजनों ने सक्रिय भागीदारी निभाई। योग कार्यक्रमों के माध्यम से लोगों को स्वास्थ्य के प्रति जागरूक करने और नियमित व्यायाम व योग की आदत विकसित करने पर जोर दिया गया।
योग को दिनचर्या का हिस्सा बनाने का लिया संकल्प
कार्यक्रम के अंत में अधिकारियों और कर्मचारियों ने स्वस्थ जीवनशैली अपनाने तथा योग को अपनी रोजमर्रा की दिनचर्या का हिस्सा बनाने का संकल्प लिया। प्रतिभागियों ने कहा कि योग केवल एक दिन का आयोजन नहीं, बल्कि बेहतर जीवन की दिशा में एक निरंतर अभ्यास है। सीसीएल प्रबंधन का कहना है कि कंपनी अपने कर्मियों के शारीरिक और मानसिक स्वास्थ्य को सर्वोच्च प्राथमिकता देती है। इसी सोच के तहत समय-समय पर ऐसे कार्यक्रम आयोजित किए जाते हैं। योग के जरिए स्वस्थ, ऊर्जावान और सकारात्मक कार्य संस्कृति को बढ़ावा देना कंपनी की प्राथमिकताओं में शामिल है।

