Koderma : कोडरमा के डोमचांच थाना क्षेत्र के गोलवाढाब गांव से रविवार शाम से लापता 12 वर्षीय किशोर शीतल कुमार का शव शुक्रवार सुबह एक कुएं से बरामद किया गया। शव मिलने की सूचना के बाद पूरे गांव में शोक की लहर दौड़ गई। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए सदर अस्पताल भेज दिया है। जानकारी के अनुसार, गोलवाढाब गांव निवासी वीरेंद्र यादव का पुत्र शीतल कुमार रविवार शाम अपने घर से अचानक लापता हो गया था। परिजनों ने उसकी काफी खोजबीन की, लेकिन कहीं कोई सुराग नहीं मिला। इसके बाद परिजनों ने डोमचांच थाना में गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कराई थी। पुलिस और परिजन लगातार उसकी तलाश में जुटे हुए थे।
मेघना पहाड़ी स्थित कुएं में मिला शव
शुक्रवार सुबह करीब नौ बजे डोमचांच थाना क्षेत्र के बगड़ो गांव से सटी मेघना पहाड़ी स्थित एक कुएं में शीतल का शव देखा गया। बताया जाता है कि बगड़ो गांव के कुछ ग्रामीण सुबह बगड़ो तालाब की ओर गए थे। इसी दौरान कुएं के चबूतरे पर बैठने के समय उनकी नजर कुएं के अंदर तैर रही एक लाश पर पड़ी। शव दिखाई देने के बाद ग्रामीणों ने शोर मचाकर आसपास के लोगों को बुलाया और इसकी सूचना शीतल के परिजनों को दी। सूचना मिलते ही परिजन घटनास्थल पर पहुंचे और शव की पहचान शीतल कुमार के रूप में की। शव की पहचान होते ही परिवार में चीख-पुकार मच गई और माहौल गमगीन हो गया।
पुलिस ने शुरू की जांच
घटना की जानकारी मिलते ही डोमचांच पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने शव को कुएं से बाहर निकलवाया और आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी करने के बाद पोस्टमॉर्टम के लिए सदर अस्पताल भेजने की तैयारी शुरू कर दी। पुलिस मामले की जांच कर रही है और पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट का इंतजार किया जा रहा है। स्थानीय ग्रामीणों का मानना है कि शीतल संभवतः घूमते हुए इस क्षेत्र में पहुंच गया होगा और गलती से कुएं में गिरने के कारण उसकी मौत हो गई होगी। हालांकि, मौत के वास्तविक कारणों का पता जांच और पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट आने के बाद ही चल सकेगा।
दो भाइयों में बड़ा था शीतल
मृतक शीतल कुमार दो भाइयों में बड़ा था। वह गांव के पास स्थित एक विद्यालय में कक्षा छह का छात्र था। उसके पिता वीरेंद्र यादव मजदूरी कर परिवार का भरण-पोषण करते हैं। बेटे की असामयिक मौत से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। गांव के लोग भी इस घटना से स्तब्ध हैं और परिजनों को सांत्वना दे रहे हैं।
Also Read : बिहार भेजी जा रही अंग्रेजी शराब की खेप पकड़ाई, टाटा मैजिक में लोड 48 बोतल के साथ दो तस्कर गिरफ्तार

