Ranchi : राजधानी रांची के बीआईटी मेसरा क्षेत्र में चोरों ने एक ज्वेलरी दुकान को निशाना बनाते हुए करीब 65 लाख रुपये से अधिक मूल्य के सोने-चांदी के आभूषण और नकदी पर हाथ साफ कर दिया। घटना के बाद इलाके के सर्राफा कारोबारियों में चिंता और नाराजगी का माहौल है। वहीं पुलिस मामले की जांच में जुट गई है। जानकारी के अनुसार लोहरा कोचा निवासी पशुपति नाथ सोनी बीआईटी चौक स्थित कौशल्या कॉम्पलेक्स में दरगाह मंदिर के सामने पीपी ज्वेलर्स नाम से दुकान संचालित करते हैं। बुधवार रात अज्ञात चोरों ने दुकान का ताला काटकर अंदर प्रवेश किया और वहां रखे कीमती आभूषण तथा नकदी चोरी कर फरार हो गए। पीड़ित व्यवसायी द्वारा बीआईटी मेसरा ओपी में दर्ज शिकायत के अनुसार चोर दुकान से करीब 295 ग्राम 173 मिलीग्राम सोना, 11 किलो 396 ग्राम चांदी और 6 हजार रुपये नकद लेकर भाग गए। चोरी गए सामान की कुल अनुमानित कीमत लगभग 65 लाख 42 हजार रुपये बताई गई है।
घटना की जानकारी मिलते ही पहुंचे संगठन के पदाधिकारी
चोरी की सूचना मिलने के बाद अखिल भारतीय स्वर्णकार समाज एवं ज्वेलर्स एसोसिएशन (रजि.) के पदाधिकारी मौके पर पहुंचे। उन्होंने दुकान का निरीक्षण किया और पीड़ित व्यवसायी से घटना की पूरी जानकारी ली। इसके बाद संगठन के प्रतिनिधिमंडल ने थाना प्रभारी से मुलाकात कर मामले में त्वरित कार्रवाई की मांग की।
अपराधियों की जल्द गिरफ्तारी की मांग
संगठन के पदाधिकारियों ने पुलिस प्रशासन से अपराधियों की जल्द गिरफ्तारी, चोरी गए आभूषणों की बरामदगी और दोषियों को कड़ी सजा दिलाने की मांग की। उनका कहना है कि लगातार बढ़ रही चोरी की घटनाएं व्यापारियों के लिए चिंता का विषय बनती जा रही हैं। ऐसे मामलों का शीघ्र खुलासा होने से अपराधियों के मनोबल पर अंकुश लगाया जा सकता है।
सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने की मांग
घटना के बाद स्थानीय व्यवसायियों ने बाजार क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था बढ़ाने, नियमित रात्रि गश्ती कराने और सीसीटीवी निगरानी को और प्रभावी बनाने की मांग की है। व्यापारियों का कहना है कि बाजार क्षेत्रों में सुरक्षा व्यवस्था मजबूत होने से ऐसी घटनाओं पर रोक लगाई जा सकती है।
सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही पुलिस
पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाले जा रहे हैं और संदिग्धों की पहचान का प्रयास किया जा रहा है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मामले के सभी पहलुओं की जांच की जा रही है और जल्द ही अपराधियों तक पहुंचने की कोशिश की जाएगी।
Also Read : पात्र लाभुकों तक समय पर पहुंचे राशन, वितरण व्यवस्था में लापरवाही नहीं होगी बर्दाश्त : सचिव

