Palamu : पलामू जिले में सोमवार सुबह जपला-छतरपुर मुख्य सड़क पर गम्हरिया गांव के पास एक ऑटो और बोरवेल ट्रक की आमने-सामने टक्कर हो गई। हादसा इतना भीषण था कि एक बुजुर्ग की मौके पर हालत गंभीर हो गई और बाद में अस्पताल में उनकी मौत हो गई। वहीं पांच लोग गंभीर रूप से घायल हो गए।
ऑटो में सवार थे आठ लोग
जानकारी के अनुसार, ऑटो में दो बच्चों समेत कुल आठ लोग सवार होकर अपने गंतव्य की ओर जा रहे थे। इसी दौरान गम्हरिया गांव के पास सामने से आ रहे बोरवेल ट्रक से ऑटो की जोरदार भिड़ंत हो गई। टक्कर इतनी तेज थी कि ऑटो के परखच्चे उड़ गए और उसमें बैठे लोग बुरी तरह घायल हो गए। इस दुर्घटना में गोरयाथान निवासी 65 वर्षीय चन्द्रिका यादव सबसे ज्यादा गंभीर रूप से घायल हुए। हादसे के दौरान उनका पैर कटकर अलग हो गया। आनन-फानन में उन्हें अस्पताल पहुंचाया गया, लेकिन डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। इस घटना के बाद परिवार में कोहराम मच गया है।
पांच घायलों की हालत गंभीर
हादसे में समसुन बीबी (65 वर्ष), पीर मोहम्मद (35 वर्ष), समीरा खातून (30 वर्ष), लालदेव (36 वर्ष) और सरिता देवी (54 वर्ष) घायल हो गए। इनमें समसुन बीबी और पीर मोहम्मद की हालत गंभीर बताई जा रही है। प्राथमिक उपचार के बाद दोनों को बेहतर इलाज के लिए मेदिनीनगर सदर अस्पताल रेफर कर दिया गया है। दुर्घटना में 10 वर्षीय अभिषेक कुमार समेत दो बच्चों को भी चोट लगी है। हालांकि उनकी हालत खतरे से बाहर बताई जा रही है। हादसे के बाद स्थानीय लोगों ने घायलों को बाहर निकालने में मदद की और उन्हें अस्पताल पहुंचाया।
सड़क जाम कर ग्रामीणों ने जताया विरोध
हादसे के बाद ग्रामीणों का गुस्सा फूट पड़ा। आक्रोशित लोगों ने सड़क जाम कर विरोध प्रदर्शन किया और प्रशासन से कार्रवाई की मांग की। कुछ देर तक सड़क पर आवागमन भी प्रभावित रहा। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और लोगों को समझाकर स्थिति को शांत कराया। पुलिस ने मृतक के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। वहीं दुर्घटना कैसे हुई और इसमें किसकी लापरवाही थी, इसकी जांच शुरू कर दी गई है। हादसे के बाद पूरे इलाके में शोक का माहौल है और लोग पीड़ित परिवार के प्रति संवेदना जता रहे हैं।
Also Read : दो दिन की राहत के बाद फिर बढ़ी गर्मी, आज कई जिलों में आंधी-बारिश का ऑरेंज अलर्ट


