Ranchi : युवा क्रिकेट सनसनी और अपनी विस्फोटक बल्लेबाजी से देशभर में पहचान बना चुके वैभव सूर्यवंशी को अब एक नई जिम्मेदारी मिलने जा रही है। झारखंड के स्वास्थ्य मंत्री इरफान अंसारी ने घोषणा की है कि वैभव सूर्यवंशी को स्वास्थ्य विभाग का ब्रांड एंबेसडर बनाया जाएगा। साथ ही उन्हें सम्मानित भी किया जाएगा।
कम उम्र में जीता देशभर का दिल
स्वास्थ्य मंत्री इरफान अंसारी ने अपने सोशल मीडिया पोस्ट में कहा कि बेहद कम उम्र में वैभव सूर्यवंशी ने अपनी प्रतिभा और आक्रामक बल्लेबाजी से पूरे देश का ध्यान अपनी ओर खींचा है। उन्होंने कहा कि भले ही उनकी टीम मैच नहीं जीत सकी, लेकिन वैभव ने अपने प्रदर्शन से करोड़ों लोगों का दिल जीत लिया। मंत्री ने कहा कि इतनी कम उम्र में बड़े और अनुभवी गेंदबाजों का जिस आत्मविश्वास के साथ सामना करना आसान नहीं होता। वैभव ने अपने खेल से साबित कर दिया है कि उनमें असाधारण प्रतिभा है। इरफान अंसारी ने कहा कि स्वास्थ्य विभाग वैभव सूर्यवंशी के साथ मिलकर युवाओं के बीच स्वास्थ्य, फिटनेस, अनुशासन और सकारात्मक जीवनशैली को बढ़ावा देने का काम करेगा। उनका मानना है कि वैभव की लोकप्रियता का फायदा स्वास्थ्य जागरूकता अभियान में मिलेगा और युवा उनसे प्रेरणा लेंगे।
जल्द झारखंड बुलाकर किया जाएगा सम्मानित
मंत्री ने बताया कि वैभव को जल्द झारखंड बुलाकर सम्मानित किया जाएगा। उन्होंने कहा कि वैभव ने न सिर्फ अपने परिवार बल्कि बिहार और पूरे देश का नाम रोशन किया है। उनकी उपलब्धियां युवाओं के लिए प्रेरणा का स्रोत हैं। इरफान अंसारी ने कहा कि महज 15 साल की उम्र में वैभव सूर्यवंशी ने मेहनत, अनुशासन और आत्मविश्वास की ऐसी मिसाल पेश की है, जिससे लाखों युवा प्रेरित हो रहे हैं। उन्होंने भरोसा जताया कि आने वाले वर्षों में वैभव भारतीय क्रिकेट को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाएंगे और देश को उन पर गर्व होगा। वैभव सूर्यवंशी की लोकप्रियता लगातार बढ़ रही है। इससे पहले उन्हें पोषण पेय ब्रांड Complan ने भी अपना ब्रांड एंबेसडर बनाया था। उनकी सफलता और युवा पहचान को देखते हुए कई संस्थाएं और कंपनियां उनसे जुड़ रही हैं।
Also Read : 25 साल से फरार अपराधी रामदेव उरांव ने किया सरेंडर, पुलिस के सामने डाले हथियार


