Khunti : खूंटी शहर की फिजा गुरुवार की सुबह कुछ अलग थी। मस्जिदों से उठती तकबीर की आवाजें, नए कपड़ों में सजे बच्चे, हाथों में टोपी संभाले बुजुर्ग और नमाज के लिए बढ़ते कदम… हर तरफ बकरीद की रौनक दिखाई दे रही थी। लेकिन इस बार खूंटी की बकरीद सिर्फ त्योहार तक सीमित नहीं रही। यह दिन प्रशासन, पुलिस और आम लोगों के बीच भरोसे, अपनापन और भाईचारे की एक नई तस्वीर भी छोड़ गया। सुबह होते ही जिले की मस्जिदों और ईदगाहों में लोगों की भीड़ जुटनी शुरू हो गई थी। जिले के अलग-अलग इलाकों से लोग नमाज अदा करने पहुंचे। नमाज के दौरान मुल्क में अमन, खुशहाली और तरक्की की दुआ मांगी गई। नमाज खत्म होने के बाद लोगों ने एक-दूसरे को गले लगाकर बकरीद की मुबारकबाद दी। हर तरफ खुशियों और अपनत्व का माहौल नजर आ रहा था।
जब बड़ी मस्जिद पहुंचे डीसी जावेद हुसैन
इस बार बकरीद की सबसे खास तस्वीर खूंटी की बड़ी मस्जिद से सामने आई। जिले के उपायुक्त जावेद हुसैन खुद मस्जिद पहुंचे और लोगों के साथ नमाज अदा की। नमाज के बाद उन्होंने लोगों से मुलाकात की और त्योहार की बधाई दी। डीसी की मौजूदगी ने लोगों के बीच एक सकारात्मक संदेश दिया। लोगों का कहना था कि प्रशासन का इस तरह आम लोगों के बीच आना भरोसे को और मजबूत करता है। नमाज के बाद कई लोग डीसी से मिले और उनके साथ तस्वीरें भी खिंचवाईं।
सड़क पर दिखे एसपी ऋषभ गर्ग, खुद संभाली सुरक्षा व्यवस्था
बकरीद के दौरान सबसे ज्यादा चर्चा जिले के एसपी ऋषभ गर्ग को लेकर रही। आम तौर पर बड़े अधिकारी कंट्रोल रूम या कार्यालय से व्यवस्था की निगरानी करते हैं, लेकिन इस बार खूंटी में तस्वीर अलग थी। एसपी खुद सड़क पर उतरकर सुरक्षा व्यवस्था संभालते नजर आए। मुख्य सड़क पर पुलिस अधिकारियों और जवानों के साथ खड़े एसपी लगातार स्थिति पर नजर बनाए हुए थे। वे अलग-अलग जगहों पर जाकर सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लेते रहे। जिले में पहली बार बकरीद के मौके पर एसपी का इस तरह जमीन पर उतरकर मोर्चा संभालना लोगों के बीच चर्चा का विषय बना रहा।
बच्चों को टॉफी बांटकर दिया प्यार और अपनापन का संदेश
खूंटी की बकरीद में एक तस्वीर ऐसी भी रही जिसने लोगों का दिल जीत लिया। एसपी ऋषभ गर्ग ने नमाज के बाद बच्चों के बीच जाकर चॉकलेट और टॉफियां बांटीं। बच्चे भी एसपी को अपने बीच देखकर काफी खुश नजर आए। कई लोगों ने कहा कि पुलिस का यह मानवीय चेहरा समाज में सकारात्मक माहौल बनाता है। लोगों ने इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि इससे पुलिस और जनता के बीच दूरी कम होती है और भरोसा बढ़ता है।
जिले की 25 मस्जिदों में अदा हुई नमाज
जानकारी के अनुसार खूंटी जिले के अलग-अलग थाना क्षेत्रों की करीब 25 मस्जिदों और ईदगाहों में नमाज अदा की गई। सभी संवेदनशील इलाकों में पुलिस बल की तैनाती की गई थी। प्रशासन की ओर से लगातार निगरानी रखी जा रही थी ताकि किसी भी तरह की अफवाह या अप्रिय घटना को रोका जा सके। पुलिस की गश्ती टीम लगातार इलाके में सक्रिय रही। कई जगहों पर ट्रैफिक व्यवस्था को भी संभाला गया ताकि लोगों को आने-जाने में परेशानी न हो।
भाईचारे के साथ त्योहार मनाएं : एसपी ऋषभ गर्ग
एसपी ऋषभ गर्ग ने कहा कि बकरीद आपसी प्रेम, त्याग और भाईचारे का पर्व है। जिले में शांति और सौहार्द बना रहे, इसके लिए पुलिस प्रशासन पूरी तरह सतर्क था। उन्होंने कहा कि खूंटी के लोगों ने जिस तरह शांतिपूर्ण माहौल में त्योहार मनाया, वह पूरे जिले के लिए गर्व की बात है। उन्होंने लोगों से अपील की कि सभी पर्व-त्योहार इसी तरह मिल-जुलकर मनाएं और समाज में सौहार्द बनाए रखें।
खूंटी ने दिया एक सकारात्मक संदेश
इस बार खूंटी की बकरीद सिर्फ एक धार्मिक पर्व नहीं रही, बल्कि प्रशासन और जनता के बीच मजबूत रिश्ते की मिसाल बन गई। मस्जिद में नमाज पढ़ते डीसी और सड़क पर सुरक्षा संभालते एसपी की तस्वीरों ने लोगों के बीच एक सकारात्मक संदेश छोड़ा। दिनभर जिले में अमन, भाईचारे और खुशियों का माहौल बना रहा। खूंटी की यह तस्वीर बताती है कि जब प्रशासन और जनता साथ खड़े हों तो हर त्योहार सिर्फ उत्सव नहीं, बल्कि समाज को जोड़ने का जरिया बन जाता है।
Also Read : रामपुर फायरिंग केस में एसपी का बड़ा एक्शन, 4 लोगों के हथियार लाइसेंस रद्द करने की सिफारिश


