Khunti : खूंटी जिले के साइको थाना क्षेत्र में हुए दोहरे हत्याकांड का पुलिस ने खुलासा कर दिया है। इस मामले में पुलिस ने तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। खूंटी एसपी ऋषभ गर्ग के अनुसार आपसी रंजिश में दोनों किशोरों की हत्या कर शव को पहाड़ में छिपा दिया गया था। घटना के खुलासे के बाद इलाके में लोगों ने राहत की सांस ली है।
छऊ मेला देखने गए थे दोनों किशोर
एसपी ऋषभ गर्ग ने मीडिया को बताया कि बीते 17 मई की रात साइको गांव में छऊ नृत्य मेला लगा था। गांव के रहने वाले विशाल पाहन (17) और सुशी मुंडू (17) मेला देखने गए थे। देर रात तक दोनों घर नहीं लौटे तो परिजनों ने खोजबीन शुरू की। इसके बाद इलाके में दोनों के लापता होने की चर्चा फैल गई। कुछ समय बाद दोनों के शव साइको गांव के मरासूक पहाड़ इलाके से बरामद किए गए। शव मिलने के बाद पूरे इलाके में सनसनी फैल गई थी। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल हो गया था।
पत्थर से हमला कर की गई हत्या
खूंटी एसपी ऋषभ गर्ग ने बताया कि जांच में सामने आया है कि आरोपियों ने पहले दोनों किशोरों पर पत्थर से हमला किया। हमले में दोनों की मौके पर ही मौत हो गई। इसके बाद शव को पहाड़ी इलाके में ले जाकर छिपा दिया गया ताकि किसी को घटना की जानकारी न मिल सके।
एसआईटी बनाकर पुलिस ने शुरू की जांच
मामले की गंभीरता को देखते हुए एसपी के निर्देश पर एसडीपीओ के नेतृत्व में विशेष जांच टीम यानी एसआईटी का गठन किया गया। पुलिस ने तकनीकी जांच, पूछताछ और लगातार छापेमारी के जरिए मामले की कड़ियां जोड़ीं। इसके बाद तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया। पुलिस पूछताछ में आरोपियों ने अपना जुर्म कबूल कर लिया। उन्होंने बताया कि आपसी रंजिश की वजह से इस वारदात को अंजाम दिया गया।
तीन आरोपी गिरफ्तार, हथियार भी बरामद
पुलिस ने इस मामले में दुरजन मांकरी, गोमेया सोय और बुचराम सोय को गिरफ्तार किया है। तीनों साइको थाना क्षेत्र के रहने वाले बताए जा रहे हैं। आरोपियों की निशानदेही पर पुलिस ने खून लगा टांगी, चप्पल, मिट्टी और घटना के समय पहने गए कपड़े बरामद किए हैं। पुलिस इन सभी सामानों को जांच के लिए भेज रही है।
कई पुलिस अधिकारी रहे शामिल
इस कार्रवाई में एसडीपीओ खूंटी मंगल सिंह जांगड़ा, इंस्पेक्टर विनय राय, थाना प्रभारी प्रसाद पांडेय और साइको थाना की टीम शामिल रही। पुलिस का कहना है कि मामले की आगे भी गहराई से जांच की जा रही है।


