Ranchi : झारखंड में लगातार बढ़ती गर्मी और हीट वेव की आशंका को देखते हुए रांची का रिम्स (राजेंद्र आयुर्विज्ञान संस्थान) अलर्ट मोड में आ गया है। अस्पताल प्रशासन ने हीट स्ट्रोक और गर्मी से जुड़ी बीमारियों के मरीजों के इलाज के लिए पहले से तैयारी शुरू कर दी है, ताकि अचानक मरीज बढ़ने पर परेशानी न हो। रिम्स में गर्मी से प्रभावित मरीजों के लिए अलग व्यवस्था करने की तैयारी की जा रही है। इसके साथ ही अस्पताल में जरूरी दवाइयों और मेडिकल संसाधनों का स्टॉक भी बढ़ाया जा रहा है।
हीट स्ट्रोक मरीजों के लिए अलग बेड की तैयारी
अस्पताल प्रशासन का कहना है कि फिलहाल हीट स्ट्रोक मरीजों की संख्या ज्यादा नहीं है, लेकिन तापमान बढ़ने के साथ केस बढ़ सकते हैं। इसी को देखते हुए मरीजों के लिए अलग बेड और जरूरत पड़ने पर अलग वार्ड की भी व्यवस्था की जाएगी। अस्पताल में ORS, IV फ्लूइड और जरूरी दवाइयों का स्टॉक रखा जा रहा है। डॉक्टरों का कहना है कि लंबे समय तक शरीर में पानी की कमी रहने से किडनी समेत दूसरी स्वास्थ्य समस्याएं भी हो सकती हैं।
स्वास्थ्य विभाग ने भी जारी किए निर्देश
गर्मी को देखते हुए राज्य स्वास्थ्य विभाग और NHM ने सभी जिलों को पहले से तैयार रहने के निर्देश दिए हैं। अस्पतालों को हीट स्ट्रोक मरीजों के लिए विशेष बेड रखने, मेडिकल टीम को ट्रेनिंग देने और इलाज की व्यवस्था मजबूत करने को कहा गया है। इसके अलावा अस्पतालों में पानी, कूलिंग व्यवस्था, ORS और जरूरी दवाएं उपलब्ध रखने पर भी जोर दिया गया है।
लोगों को भी दी जा रही सावधानी बरतने की सलाह
डॉक्टरों ने लोगों से दोपहर के समय बिना जरूरत धूप में बाहर नहीं निकलने की अपील की है। खासकर बच्चों, बुजुर्गों और बाहर काम करने वालों को ज्यादा सतर्क रहने को कहा गया है। अगर किसी को चक्कर आना, ज्यादा पसीना आना, उल्टी, तेज बुखार, कमजोरी या बेहोशी जैसे लक्षण दिखें तो तुरंत डॉक्टर से संपर्क करने की सलाह दी गई है। झारखंड के कई हिस्सों में तापमान लगातार बढ़ रहा है और स्वास्थ्य विभाग पहले से ही अलर्ट पर है। ऐसे में रिम्स समेत दूसरे सरकारी अस्पताल भी गर्मी से जुड़ी बीमारियों से निपटने के लिए तैयारियां तेज कर रहे हैं।
Also Read : नई रिलीज के बावजूद ‘पति पत्नी और वो दो’ का जलवा बरकरार, 10 दिन में शानदार कलेक्शन


