Giridih : गिरिडीह के मोहनपुर स्थित केंद्रीय कारा में शनिवार देर रात प्रशासन और पुलिस की संयुक्त टीम ने औचक छापेमारी की। जिलाधिकारी रामनिवास यादव और एसपी डॉ बिमल कुमार के नेतृत्व में चली इस कार्रवाई में करीब 45 अधिकारी और लगभग डेढ़ सौ पुलिस जवान शामिल थे। छापेमारी करीब दो घंटे तक चली, जिसमें पुरुष बंदियों के सभी पांच ब्लॉक के 20 वार्डों के साथ महिला वार्ड की भी गहन तलाशी ली गई। जानकारी के अनुसार, रात करीब 10:45 बजे अधिकारियों और पुलिस जवानों की टीम केंद्रीय कारा पहुंची। इसके बाद अलग-अलग टीम बनाकर एक-एक वार्ड की तलाशी शुरू की गई। पुरुष वार्डों में पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी पहुंचे, जबकि महिला वार्ड में महिला अधिकारियों और महिला जवानों ने जांच की।
सुरक्षा व्यवस्था की भी हुई जांच
छापेमारी के दौरान सिर्फ वार्डों की तलाशी ही नहीं ली गई, बल्कि जेल की सुरक्षा व्यवस्था का भी बारीकी से निरीक्षण किया गया। अधिकारियों ने संतरी की तैनाती, ड्यूटी व्यवस्था, बंदियों से मुलाकात की प्रक्रिया, जेल परिसर में पानी की उपलब्धता और अन्य व्यवस्थाओं की जानकारी ली। डीसी रामनिवास यादव, एसपी डॉ बिमल कुमार और एसडीएम श्रीकांत विस्पुते ने जेल परिसर में लगे सीसीटीवी कैमरों की स्थिति भी देखी। कई जगहों पर सुरक्षा व्यवस्था को लेकर जरूरी निर्देश जेल अधीक्षक को दिए गए।
एसपी बोले- सुरक्षा व्यवस्था का लिया गया जायजा
एसपी डॉ बिमल कुमार ने बताया कि केंद्रीय कारा का औचक निरीक्षण किया गया है। करीब दो घंटे तक ब्लॉक और वार्डों की तलाशी ली गई। साथ ही जेल की सुरक्षा व्यवस्था का भी अवलोकन किया गया।
कई अधिकारी और पुलिस पदाधिकारी रहे मौजूद
इस कार्रवाई में डीसी और एसपी के अलावा एसडीएम श्रीकांत विस्पुते, दंडाधिकारी बिनोद सिंह, डीएसपी वन नीरज कुमार सिंह, एसडीपीओ सदर जीतबाहन उरांव, एसडीपीओ डुमरी आबिद खान, बीडीओ गणेश रजक, सीओ जितेंद्र प्रसाद समेत कई प्रशासनिक अधिकारी शामिल थे। वहीं पुलिस टीम में मुफ्फसिल थाना प्रभारी सह इंस्पेक्टर श्याम किशोर महतो, नगर थाना प्रभारी रतन कुमार सिंह, इंस्पेक्टर कमलेश पासवान, पचंबा थाना प्रभारी राजीव कुमार सहित ताराटांड़, गांडेय और अहिल्यापुर थाना के पदाधिकारी भी मौजूद रहे।
Also Read : हजारीबाग में छात्र ने फांसी लगाकर दी जान, कमरे में मिला श”व, जांच में जुटी पुलिस


