Chatra : चतरा जिले के इटखोरी थाना क्षेत्र स्थित शांतिनाथ दिगंबर जैन मंदिर में हुई 100 साल पुरानी अष्टधातु प्रतिमा चोरी मामले का पुलिस ने महज दो घंटे के भीतर खुलासा कर दिया। पुलिस ने कार्रवाई करते हुए एक आरोपी को गिरफ्तार कर लिया और चोरी हुई 24 तीर्थंकर प्रतिमाएं भी बरामद कर लीं। जानकारी के अनुसार, मंदिर से चोरी हुई अष्टधातु की 24 तीर्थंकर प्रतिमाओं की कीमत करीब 50 लाख रुपये से अधिक बताई जा रही है। घटना के बाद इलाके में हड़कंप मच गया था। मामले की गंभीरता को देखते हुए इटखोरी थाना प्रभारी अभिषेक कुमार सिंह के नेतृत्व में विशेष टीम बनाई गई और तुरंत जांच शुरू की गई।
गुप्त सूचना पर आरोपी दबोचा गया
पुलिस को गुप्त सूचना मिली कि चोरी में शामिल आरोपी मयूरहंड थाना क्षेत्र का रहने वाला है। इसके बाद छापेमारी कर आरोपी संदीप सिंह को गिरफ्तार कर लिया गया। उसकी निशानदेही पर चोरी हुई सभी प्रतिमाएं बरामद कर ली गईं। साथ ही चोरी की घटना में इस्तेमाल की गई हीरो होंडा स्प्लेंडर प्लस मोटरसाइकिल भी जब्त की गई। एसपी अनिमेश नैथानी ने बताया कि गिरफ्तार आरोपी नशे का आदी है और गांजे के नशे में उसने मंदिर से प्रतिमाएं चुरा ली थीं। पूछताछ में आरोपी ने बताया कि वह प्रतिमाओं को बेचने के लिए दिल्ली के करोलबाग जाने की तैयारी में था।
पुलिस टीम की सराहना
एसपी ने कहा कि जिले की धार्मिक और सांस्कृतिक धरोहर की सुरक्षा पुलिस की प्राथमिकता है। उन्होंने साफ कहा कि इस तरह की घटनाओं में शामिल अपराधियों को किसी भी कीमत पर बख्शा नहीं जाएगा। उन्होंने त्वरित कार्रवाई के लिए पूरी पुलिस टीम की सराहना की और आम लोगों से भी अपील की कि किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तुरंत पुलिस को दें।
Also Read : जनगणना मैपिंग में गड़बड़ी का आरोप, नवाडीह के ग्रामीणों ने प्रखंड मुख्यालय पर किया प्रदर्शन


