Ranchi : राजधानी रांची के बेड़ों इलाके से एक दर्दनाक मामला सामने आया है। यहां एक 18 वर्षीय युवक ने हाई टेंशन बिजली टावर पर चढ़कर आत्महत्या कर ली। घटना के बाद इलाके में सनसनी फैल गई और मौके पर लोगों की भारी भीड़ जुट गई। मृतक की पहचान बिरसा उरांव के रूप में हुई है। वह गुमला जिले के भरनो थाना क्षेत्र का रहने वाला था। शुरुआती जानकारी के मुताबिक युवक का प्रेम प्रसंग चल रहा था और इसी दौरान प्रेमी-प्रेमिका के बीच किसी बात को लेकर विवाद हुआ था। इसके बाद युवक ने यह खौफनाक कदम उठा लिया।
सुबह ग्रामीणों ने देखा टावर से लटकता शव
घटना का खुलासा उस समय हुआ जब सुबह स्थानीय ग्रामीणों की नजर बिजली के टावर पर पड़ी। लोगों ने देखा कि एक युवक का शव टावर से लटका हुआ है। यह दृश्य देखते ही इलाके में हड़कंप मच गया। धीरे-धीरे बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर पहुंच गए। लोगों ने तुरंत इसकी सूचना स्थानीय पुलिस को दी। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची। मामला हाई टेंशन लाइन से जुड़ा होने के कारण पुलिस ने पहले बिजली विभाग से संपर्क किया। विद्युत आपूर्ति बंद करवाई गई, जिसके बाद काफी सावधानी के साथ शव को नीचे उतारा गया। पुलिस ने कानूनी प्रक्रिया पूरी करने के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। पुलिस इस मामले की गंभीरता से जांच कर रही है। शुरुआती जांच में प्रेम प्रसंग और आपसी विवाद की बात सामने आ रही है। पुलिस युवक के करीबी लोगों और परिचितों से पूछताछ कर रही है, ताकि यह पता चल सके कि आखिर किन परिस्थितियों में युवक ने इतना बड़ा कदम उठाया।
Also Read : रांची एयरपोर्ट का बदला अंदाज, कम कीमत में खाना और बच्चों के लिए मजेदार जोन


