Chaibasa : चाईबासा के मुफस्सिल थाना क्षेत्र के दुम्बीसाई गांव में गुरुवार सुबह एक दर्दनाक घटना सामने आई। चाईबासा सिविल कोर्ट के सेवानिवृत्त सहायक क्लर्क चक्रधर बारी की बेटी शबनम बारी (35) का शव उसके ही कमरे में फंदे से लटका मिला। घटना के बाद पूरे इलाके में शोक का माहौल है। परिवार के लोगों का रो-रोकर बुरा हाल है।
जानकारी के अनुसार, बीती रात शबनम ने परिवार के साथ खाना खाया था। इसके बाद वह अपने कमरे में सोने चली गई। गुरुवार सुबह काफी देर तक जब उसके कमरे का दरवाजा नहीं खुला तो घरवालों को चिंता हुई। परिजनों ने आवाज लगाई, लेकिन अंदर से कोई प्रतिक्रिया नहीं मिली। इसके बाद परिवार के लोग किसी तरह कमरे के अंदर पहुंचे। अंदर का दृश्य देखकर सभी स्तब्ध रह गए। शबनम रस्सी के सहारे फंदे से लटकी हुई थी। परिवार के लोगों ने तुरंत उसे नीचे उतारा और बचाने की कोशिश की, लेकिन तब तक उसकी मौत हो चुकी थी। घटना की खबर मिलते ही घर में चीख-पुकार मच गई। आसपास के लोग भी मौके पर जुट गए।
सूचना मिलने के बाद मुफस्सिल थाना पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू की। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल चाईबासा भेज दिया। थाना प्रभारी विनोद कुमार ने बताया कि शुरुआती जांच में मामला आत्महत्या का लग रहा है। हालांकि पुलिस हर पहलू को ध्यान में रखकर जांच कर रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के सही कारणों की पुष्टि हो सकेगी।
परिजनों ने बताया कि शबनम पिछले काफी समय से मानसिक तनाव में थी। परिवार के मुताबिक, उसे नौकरी नहीं मिलने और शादी में लगातार हो रही देरी की वजह से गहरी चिंता रहती थी। वह अक्सर अपने भविष्य को लेकर परेशान रहती थी। घरवाले उसे समझाने और संभालने की कोशिश करते थे, लेकिन धीरे-धीरे वह मानसिक रूप से काफी टूट चुकी थी। घटना के बाद गांव और आसपास के इलाके में भी दुख का माहौल है। वहीं पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है।
Also Read : जामताड़ा में भगवान बिरसा मुंडा की प्रतिमा क्षतिग्रस्त, आदिवासी समाज में आक्रोश


