Ranchi: राजधानी के डोरंडा थाना क्षेत्र स्थित मनीटोला इलाके में एक अत्यंत दुखद और दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। एक नाबालिग लड़की ने पैसों के लालच में अपनी ही मां की हत्या कर दी। इस खौफनाक वारदात को अंजाम देने के लिए उसने अपने प्रेमी और उसके साथियों का सहारा लिया। मां की मौत को सामान्य बताने के लिए उसे सुपुर्द-ए-खाक भी कर दिया गया, लेकिन बाद में कलाई खुल गई।
क्या है पूरा मामला
मृतिका नाहिद परवीन मूल रूप से उत्तर प्रदेश की रहने वाली थीं। उनके पति रांची में बिजली विभाग में कार्यरत थे, जिनका निधन चार वर्ष पूर्व हो चुका है। नाहिद की कोई संतान नहीं थी, इसलिए उन्होंने करीब साढ़े 16 साल पहले एक छह माह की बच्ची को गोद लिया था। नाहिद ने अपनी बेटी को बहुत प्यार और परवरिश दी थी, लेकिन वही बेटी आज उनकी हत्या की आरोपी निकली।
पैसे का लालच बना हत्या की वजह
नाहिद के बैंक खाते में 25 लाख रुपए जमा थे। बैंक का सारा कामकाज बेटी ही संभालती थी। आरोप है कि बेटी ने बिना मां को बताए बैंक से 15 लाख रुपए निकाल लिए थे और यह रकम वह अपने प्रेमी अरबाज खान को दे रही थी। जब मां को इसकी भनक लगी और उसने पूछताछ की, तो दोनों के बीच विवाद बढ़ गया। 25 अप्रैल की रात को विवाद इतना बढ़ गया कि बेटी ने अपने प्रेमी अरबाज को घर बुला लिया।
प्रेमी और साथियों के साथ मिलकर उतारा मौत के घाट
घटना की रात अरबाज अपने साथियों शाहिद, समीर और हासिम के साथ घर पहुंचा। इन लोगों ने मिलकर नाहिद परवीन की हत्या कर दी। वारदात के बाद उन्होंने घर के लोगों और रिश्तेदारों को बताया कि बाथरूम में गिरने से नाहिद की मौत हुई है। इसके बाद 26 अप्रैल को आनन-फानन में उन्हें सुपुर्द-ए-खाक कर दिया गया।
कब्र से बाहर निकाली गई लाश
अंतिम संस्कार के बाद परिजनों को मामले पर संदेह हुआ। उन्होंने जब सख्ती से पूछताछ की तो हत्या का खुलासा हो गया। परिजनों ने तुरंत पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने जांच के बाद नाबालिग बेटी, प्रेमी अरबाज और अन्य सहयोगियों को हिरासत में लिया। मंगलवार को मजिस्ट्रेट की उपस्थिति में डोरंडा कब्रिस्तान से नाहिद का शव कब्र से बाहर निकाला गया और पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया। पुलिस अब आगे की कानूनी कार्रवाई में जुटी है।
Also Read : गुमला ट्रेजरी ऑफिसर पर वित्त विभाग का शिकंजा, जांच में अड़ंगा लगाने पर 24 घंटे में जवाब देने का नोटिस


