kolkata : पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव 2026 के दूसरे और अंतिम चरण में आज सूबे की 142 सीटों पर मतदान प्रक्रिया सुबह 7 बजे से जारी है। 8 जिलों में फैली इन सीटों पर कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच लोग अपने मताधिकार का प्रयोग कर रहे हैं। गौरतलब है कि इससे पहले 23 अप्रैल को पहले चरण में 152 सीटों पर वोटिंग संपन्न हो चुकी है।
किन क्षेत्रों में हो रही है वोटिंग?
इस चरण में दक्षिण कोलकाता, हावड़ा, हुगली, पूर्व बर्धमान, नदिया, उत्तर 24 परगना, दक्षिण 24 परगना और उत्तर कोलकाता की सीटों पर चुनाव हो रहा है।वहीं मतदान के आंकड़े पर एक नज़र डालें तो इस चरण में कुल 1448 उम्मीदवार मैदान में हैं, जिनके भाग्य का फैसला 3,21,73,837 मतदाता करेंगे। जिनमें पुरुष मतदाता 1,64,35,627 हैं एवं महिला मतदाता की संख्या 1,57,37,418 हैं वहीं थर्ड जेंडर 792 हैं ।
हावड़ा में ईवीएम खराब!
मतदान शुरू होते ही कुछ इलाकों से तकनीकी खराबी और हंगामे की खबरें सामने आई हैं। हावड़ा के बाली क्षेत्र में ईवीएम खराब होने के बाद उपजे तनाव को नियंत्रित करने के लिए पुलिस को हल्का लाठीचार्ज करना पड़ा। वहीं, कोलकाता की एंटली सीट पर भाजपा प्रत्याशी प्रियंका टिबरेवाल की सुरक्षा कर्मियों और पोलिंग अधिकारियों से तीखी बहस हुई। इसके अलावा नॉर्थ दमदम (बूथ 66) और पूर्व बर्धमान (बूथ 95) से भी ईवीएम में तकनीकी खराबी की सूचना मिली है, जिससे कतारों में खड़े मतदाताओं को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
इसके साथ ही दूसरे चरण के मतदान के बीच राजनीतिक पारा भी चरम पर है। इसे लेकर सोशल मिडिया पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी मतदाताओं से ‘रिकॉर्ड मतदान’ की अपील की है। अपने एक्स (ट्विटर) पर संदेश देते हुए पीएम ने बंगाल की महिलाओं और युवाओं से लोकतंत्र को और जीवंत बनाने के लिए बड़ी संख्या में घरों से बाहर निकलने का आह्वान किया।
इधर मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने भाजपा पर बाहरी लोगों को लाकर चुनाव प्रभावित करने का आरोप लगाया। मुख्यमंत्री ने कहा कि वह पूरे दिन स्थिति पर नज़र रखेंगी और विभिन्न इलाकों का दौरा करके फीडबैक लेंगी।
वहीं केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने अपने एक्स हैंडल से बंगाल की जनता से ‘भय, सिंडिकेट और भ्रष्टाचार’ मुक्त राजनीति के लिए वोट डालने की अपील की। उन्होंने कहा कि बंगाल के सुनहरे भविष्य और विकास के लिए लोगों को भारी मतदान करना चाहिए।
बंगाल को भय, सिंडिकेट और भ्रष्टाचार के शासन से मुक्त करने के लिए दूसरे और अंतिम चरण के सभी मतदाताओं, विशेषकर माताओं, बहनों और युवाओं से अपील करता हूँ कि आप अधिक से अधिक संख्या में मतदान करें।
आपका एक वोट बंगाल के गौरव को पुनर्स्थापित करने के साथ-साथ महिलाओं को सुरक्षा देने का…
— Amit Shah (@AmitShah) April 29, 2026


