Bokaro : झारखंड में JET 2026 परीक्षा के दौरान बड़ा बवाल देखने को मिला। बोकारो के सेक्टर-9 स्थित पटेल स्कूल परीक्षा केंद्र पर उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब एक सेट के 32 प्रश्नपत्र परीक्षा केंद्र तक पहुंचे ही नहीं। जैसे ही यह बात अभ्यर्थियों को पता चली, वे भड़क गए और जोरदार हंगामा शुरू कर दिया। सैकड़ों की संख्या में मौजूद अभ्यर्थियों ने परीक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल उठाते हुए प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी की। छात्रों का कहना था कि ऐसी लापरवाही से उनका भविष्य प्रभावित हो रहा है और यह पूरी तरह से व्यवस्था की नाकामी है।
मौके पर भारी पुलिस बल तैनात
स्थिति बिगड़ते देख मौके पर भारी पुलिस बल की तैनाती करनी पड़ी। हालात को संभालने के लिए सिटी डीएसपी, ट्रैफिक डीएसपी समेत कई थानों की पुलिस पहुंची और स्थिति को नियंत्रित करने की कोशिश की गई। घटना की गंभीरता को देखते हुए उपायुक्त (DC) और पुलिस अधीक्षक (SP) खुद मौके पर पहुंचे। उनके साथ जिले के कई वरिष्ठ पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी भी मौजूद रहे। फिलहाल स्थिति को शांत करने की कोशिश की जा रही है।
मीडिया कवरेज पर रोक से उठे सवाल
इस पूरे घटनाक्रम के दौरान प्रशासन द्वारा मीडिया कवरेज पर रोक लगाने की भी बात सामने आई है। पत्रकारों को वीडियो बनाने से रोके जाने पर पारदर्शिता को लेकर सवाल खड़े हो रहे हैं। फिलहाल स्थिति पूरी तरह सामान्य नहीं हुई है। अभ्यर्थियों में भारी आक्रोश देखने को मिल रहा है और वे उचित कार्रवाई की मांग कर रहे हैं। अब देखना होगा कि प्रशासन इस पूरे मामले में क्या कदम उठाता है।
Also Read : बरोरा गोलीबारी के बाद एक्शन में पुलिस, दो आरोपियों को हथियार के साथ दबोचा


