Dhanbad : झारखंड के धनबाद जिले में अपराध की घटनाएं थमने का नाम नहीं ले रही हैं। ताजा मामला बरोरा थाना क्षेत्र के माथाबांध का है, जहां शनिवार को एक युवक पर अंधाधुंध गोलीबारी की गई। गनीमत रही कि युवक की जान बच गई, लेकिन वह घायल हो गया। जानकारी के मुताबिक, करीब आधा दर्जन हमलावर बाइक पर सवार होकर मौके पर पहुंचे और रविंद्र चौहान नाम के युवक को निशाना बनाकर ताबड़तोड़ फायरिंग शुरू कर दी। इस हमले में एक गोली उसके पैर को छूते हुए निकल गई, जिससे वह घायल हो गया।
अस्पताल में भर्ती, हालत सामान्य
घटना के बाद पुलिस मौके पर पहुंची और घायल युवक को बाघमारा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया गया। डॉक्टरों के अनुसार उसकी हालत फिलहाल सामान्य बताई जा रही है। पुलिस ने घटनास्थल से तीन खोखा और एक बाइक बरामद की है। बरोरा थाना प्रभारी ने घटना की पुष्टि करते हुए कहा कि आरोपियों की पहचान कर जल्द गिरफ्तारी की जाएगी और पूरे मामले की जांच जारी है।
पुरानी रंजिश बनी हमले की वजह
पीड़ित रविंद्र चौहान के मुताबिक, यह हमला पुरानी रंजिश का नतीजा है। होली के समय हुए विवाद को लेकर पहले ही थाना में मामला दर्ज कराया गया था और उसी केस को वापस लेने का दबाव बनाया जा रहा था। लगातार हो रही गोलीबारी की घटनाओं से इलाके में डर का माहौल बना हुआ है। हाल ही में एक अन्य युवक की हत्या की घटना के बाद से लोगों में पहले ही भय था, और इस वारदात ने चिंता और बढ़ा दी है।
Also Read : लेखपाल की कुर्सी पर सियासी संग्राम, मेयर ने उठाए सवाल, कर्मचारी पहुंचा हाईकोर्ट


