Palamu : झारखंड के पलामू जिले के पड़वा थाना क्षेत्र के गाड़ी गांव में नेशनल हाईवे पर हुए भीषण सड़क हादसे में एक युवक की मौत हो गई, जबकि दो अन्य लोग घायल हो गए। घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई। जानकारी के मुताबिक, मृतक आकाश पांडेय रेहला स्थित आदित्य बिरला केमिकल इंडिया लिमिटेड में काम करते थे। वह अपनी बुलेट से ड्यूटी पर जा रहे थे, तभी गाड़ी गांव के पास विपरीत दिशा से आ रही तेज रफ्तार स्कॉर्पियो ने उनकी बाइक को जोरदार टक्कर मार दी।
टक्कर इतनी तेज कि खेत में जा गिरी स्कॉर्पियो
टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि स्कॉर्पियो अनियंत्रित होकर सड़क से बाहर खेत में जा गिरी। इस हादसे में आकाश पांडेय की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि स्कॉर्पियो सवार दो लोग घायल हो गए। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और सभी घायलों को इलाज के लिए अस्पताल भेजा गया। वहीं, मृतक के शव को कब्जे में लेकर मेदिनीराय मेडिकल कॉलेज एंड हॉस्पिटल भेज दिया गया।
स्कॉर्पियो जब्त, जांच जारी
पड़वा थाना प्रभारी अंकित कुमार ने घटना की पुष्टि करते हुए बताया कि स्कॉर्पियो वाहन को जब्त कर लिया गया है और पूरे मामले की जांच की जा रही है। मृतक आकाश पांडेय पलामू सांसद विष्णु दयाल राम के करीबी ईश्वरी पांडेय के पुत्र थे। ईश्वरी पांडेय पलामू दिशा समिति के सदस्य भी हैं। घटना की जानकारी मिलते ही बड़ी संख्या में बीजेपी नेता और कार्यकर्ता अस्पताल पहुंचे। जानकारी के अनुसार, आकाश पांडेय की शादी साल 2025 के अंतिम महीने में हुई थी। अचानक हुए इस हादसे से परिवार में कोहराम मच गया है।
Also Read : गिरिडीह में निजी स्कूल का प्रिंसिपल गिरफ्तार, नाबालिग से छेड़छाड़ का है आरोप


