Lohardaga : झारखंड के नेशनल हाईवे-39 (कुड़ू–रांची मुख्य पथ) पर कुड़ू थाना क्षेत्र के ढुलुवाखुंटा के पास एक भीषण सड़क हादसा हो गया। इस दुर्घटना में स्कूटी और मालवाहक वाहन की जोरदार टक्कर में 3 लोगों की मौत हो गई, जबकि 5 लोग घायल हो गए हैं। इनमें एक महिला की हालत नाजुक बताई जा रही है। जानकारी के मुताबिक, मालवाहक 407 वाहन, जिसमें सरकारी शराब लदी हुई थी, रांची की ओर से कुड़ू की तरफ जा रहा था। इसी दौरान कुड़ू से रांची जा रही स्कूटी को उसने जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी तेज थी कि स्कूटी सवार दो युवकों की मौके पर ही मौत हो गई।
इलाज के दौरान महिला की भी मौत
हादसे में घायल महिला को गंभीर हालत में लोहरदगा सदर अस्पताल रेफर किया गया था। लेकिन इलाज के दौरान उसकी भी मौत हो गई। इस तरह इस हादसे में मृतकों की संख्या बढ़कर तीन हो गई है। घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई और NH-39 पर लंबा जाम लग गया। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और राहत-बचाव कार्य शुरू किया। करीब दो घंटे की मशक्कत के बाद हाईवे से जाम हटाया गया।
5 लोग घायल, अस्पताल में इलाज जारी
इस हादसे में कुल 5 लोग घायल हुए हैं, जिनका इलाज चल रहा है। इनमें एक महिला की हालत अभी भी गंभीर बताई जा रही है। इस दुर्घटना में कुल तीन वाहन क्षतिग्रस्त हुए हैं- शराब लदा मालवाहक वाहन, स्कूटी और एक कार। पुलिस ने तीनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मामले की जांच शुरू कर दी है। शुरुआती तौर पर तेज रफ्तार और लापरवाही को हादसे का कारण माना जा रहा है।
Also Read : ओरमांझी में नशे के कारोबार पर तीखी चोट, ब्राउन शुगर के साथ 7 लोगों को दबोचा


