Ranchi : रांची में बढ़ते ट्रैफिक जाम को कम करने और यातायात को सुचारु बनाने के लिए वरीय पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर ट्रैफिक एसपी ने रेडियम चौक से किशोरी यादव चौक और न्यू मार्केट चौक तक सड़क का निरीक्षण किया। इस दौरान ट्रैफिक पुलिस, नगर निगम, बिजली विभाग और NHAI के अधिकारी भी मौजूद रहे। निरीक्षण के दौरान मुख्य रूप से यह देखा गया कि किन वजहों से इस इलाके में लगातार जाम लग रहा है और ट्रैफिक बाधित हो रहा है। अधिकारियों ने मौके पर कई समस्याओं की पहचान की और सुधार के निर्देश दिए।


बिजली के पोल होंगे शिफ्ट
रेडियम चौक से न्यू मार्केट के बीच सड़क किनारे लगे बिजली के पोल को हटाकर किनारे शिफ्ट करने का निर्देश दिया गया है। इससे सड़क चौड़ी करने की प्रक्रिया आसान होगी और जाम की समस्या कम होगी। न्यू मार्केट चौक के पास दोनों तरफ लेफ्ट टर्न को फ्री करने का प्रस्ताव रखा गया है। इसके लिए कुछ दुकानों को हटाने या तोड़ने की जरूरत पड़ सकती है, ताकि वाहनों के आवागमन के लिए पर्याप्त जगह मिल सके।
जाकिर हुसैन पार्क के पास बनेगा नया गोलचक्कर
जाकिर हुसैन पार्क के पास एक नया राउंडअबाउट (गोलचक्कर) बनाने का निर्णय लिया गया है, जिससे वहां ट्रैफिक फ्लो बेहतर हो सके। नागा बाबा खटाल के पास सड़क को डबल लेन करने की योजना है। इससे रातू रोड की ओर जाने वाले वाहनों को बड़ी राहत मिलेगी और जाम कम होगा। अवैध पार्किंग के कारण लगने वाले जाम को देखते हुए चिन्हित जगहों पर नए पार्किंग स्टैंड बनाने की योजना भी तैयार की जा रही है, ताकि मुख्य सड़क पर दबाव कम हो सके।
ऑटो यूनियन और अवैध वसूली पर कार्रवाई
ऑटो/टोटो यूनियन से बातचीत में यह बात सामने आई कि कुछ जगहों पर नगर निगम के नाम पर अवैध वसूली हो रही है। ऐसे लोगों की पहचान कर उनके खिलाफ कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए हैं। अधिकारियों ने कहा कि शहर की भौगोलिक स्थिति और बढ़ते वाहनों को देखते हुए इंफ्रास्ट्रक्चर में बदलाव जरूरी है। इसके लिए नगर निगम, ट्रैफिक पुलिस, बिजली विभाग और अन्य एजेंसियों के साथ मिलकर एक लॉन्ग टर्म ट्रैफिक प्लान तैयार किया जा रहा है।
Also Read : हजारीबाग पुलिस का बड़ा एक्शन, 57 अपराधी गिरफ्तार, 69 मनचलों को PR बॉन्ड पर छोड़ा


