Dhanbad : धनबाद में साल 2021 के चर्चित मामले में अदालत ने बड़ा फैसला सुनाया है। पूर्व सांसद पीएन सिंह के आवास पर कथित हमले के मामले में आरोपी बनाए गए संजय कुशवाहा समेत तीन लोगों को कोर्ट ने बरी कर दिया है। फैसले के बाद आरोपियों और उनके समर्थकों में राहत का माहौल है। यह मामला कोरोना काल का है, जब डायमंड रेलवे क्रॉसिंग के पास स्थित रेलवे कॉलोनी को खाली कराने की कार्रवाई चल रही थी। उस दौरान स्थानीय लोगों में नाराजगी थी और वे पुनर्वास के लिए समय की मांग कर रहे थे।
बातचीत के लिए पहुंचे थे सांसद आवास
आरोपियों का कहना है कि वे संजय कुशवाहा के नेतृत्व में सिर्फ अपनी बात रखने और समय की मांग करने के लिए सांसद के आवास पहुंचे थे। लेकिन बाद में इस घटना को “हमला” बताकर केस दर्ज कर दिया गया।
“साजिश के तहत केस दर्ज किया गया”- आरोपी
फैसले के बाद आरोपी संजय कुशवाहा ने कहा कि यह पूरा मामला गलत तरीके से दर्ज किया गया था। उनका दावा है कि उनका मकसद केवल प्रभावित लोगों के लिए राहत की मांग करना था, न कि कोई हमला करना।
सबूतों के अभाव में बरी किए गए आरोपी
बचाव पक्ष के वकील ने बताया कि कोर्ट में पेश किए गए सबूत और गवाह आरोप साबित नहीं कर सके। इसी आधार पर अदालत ने तीनों आरोपियों को संदेह का लाभ देते हुए बरी कर दिया। इस फैसले के साथ ही करीब चार साल से चल रहा यह मामला अब समाप्त हो गया है। अदालत के निर्णय के बाद सभी पक्षों की नजरें अब आगे की स्थिति पर टिकी हैं।
Also Read : पश्चिम बंगाल चुनाव से पहले झारखंड-बंगाल बॉर्डर सील, पाकुड़ में हाई अलर्ट


